लोहरदगा में डबल मर्डर से सनसनी: पटना से प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की हत्या,पत्नी के साथ प्रेमी को भी मार डाला
लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। भंडरा थाना क्षेत्र के कुम्भाटोली गांव में एक पति पर अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की हत्या करने का आरोप है। मृतकों की पहचान पूजा देवी और बिहार की राजधानी पटना निवासी रोहित लहेरी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रेमिका से मिलने पटना से लोहरदगा पहुंचा था रोहित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना निवासी रोहित लहेरी अपनी प्रेमिका पूजा देवी से मिलने लोहरदगा के कुम्भाटोली गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पूजा के पति सोनू लहेरी को दोनों के घर में मौजूद होने की जानकारी मिल गई।
आरोप है कि पत्नी और रोहित को एक साथ देखने के बाद सोनू गुस्से में आ गया और दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में पूजा देवी और रोहित लहेरी की मौत हो गई।
वारदात के बाद गांव में मचा हड़कंप
एक ही घटना में दो लोगों की हत्या की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
आरोपी पति गिरफ्तार,हथियार जब्त
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कथित वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे की परिस्थितियों, घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
संजय कुमार की रिपोर्ट

