हाजीपुर : छठ महापर्व अब सिर्फ बिहार का पर्व नहीं रहा, ये सात समंदर पार भी पूरी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है.

सात समंदर पार भी बिहार के लोगों ने मनाया छठ महापर्व, छठ व्रतियों ने भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य

वैशाली जिले के जो निवासी अमेरिका, मॉरीशस, ओमान, रूस, सऊदी अरब, कतर, दुबई, कुवैत सहित दुनिया के कई देशों में रहते हैं, उन्होंने भी वहां छठ पूजा बड़े धूमधाम से मनाई.

परदेश में रहकर भी अपनी माटी, अपनी संस्कृति और अपनी आस्था से जुड़े रहना, यही छठ की सबसे बड़ी ताकत है. दूर देश में भी घाट सजे, सूप सजे, ठेकुआ की खुशबू फैली और छठी मैया के गीत भी गूंजे.

विदेशों में रहने वाले वैशाली के लोगों ने अपने घरों में, मंदिरों में और नदी-तालाब के किनारे कृत्रिम घाट बनाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. छठ व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास रखकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की.

इस दौरान प्रवासी भाइयों-बहनों ने छठी मैया से अपने परिवार, जिले और देश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और तरक्की की कामना की.

छठ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बिहार का बेटा दुनिया के किसी भी कोने में रहे, वो अपनी परंपरा और संस्कृति को कभी नहीं भूलता.

हाजीपुर से पंकज चौहान की रिपोर्ट-