पटना : मुंबई में छठ पूजा को लेकर जारी सियासी विवाद और बयानबाजी के बीच बिहार के पूर्व आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है. उन्होंने महाराष्ट्र में छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हुए अपनी तस्वीर साझा की है. उनकी इस पोस्ट को छठ पर्व की आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द से जोड़कर देखा जा रहा है.

शिवदीप लांडे ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्हें पिछले 18 वर्षों से लगातार छठ महापर्व में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है. उन्होंने लिखा कि आस्था के इस महान पर्व पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने का अवसर मिला. छठी मैया की कृपा से वह 18 वर्षों से इस महापर्व के साक्षी बनते आ रहे हैं. उन्होंने मां छठी से प्रार्थना की कि बिहार हमेशा तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे.

गौरतलब है कि मुंबई में छठ पूजा के आयोजन को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कुछ नेताओं ने विरोध जताया है. मनसे की ओर से जुहू, वर्सोवा, मढ़ और गोराई समुद्र तटों पर बड़े पैमाने पर छठ पूजा के आयोजन पर आपत्ति उठाई गई. पार्टी नेताओं का तर्क है कि समुद्र तटों पर धार्मिक आयोजनों से पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है.

वहीं, रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी छठ गीत बजाने को लेकर भी विवाद सामने आया. मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच तनाव पैदा करने का आरोप लगाया.

इस बयान पर शिवसेना नेता संजय निरुपम ने पलटवार करते हुए कहा कि छठ पूजा हजारों वर्षों पुरानी आस्था और परंपरा का पर्व है. इसे राजनीतिक विवाद से जोड़ना उचित नहीं है.

ऐसे माहौल में शिवदीप लांडे की पोस्ट ने छठ महापर्व की व्यापक सांस्कृतिक पहचान और बिहार से बाहर भी इसकी गहरी आस्था को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--