पटना : बिहार के साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने वर्ष 2018 के चर्चित हर्ष फायरिंग मामले में उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है. सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद फिलहाल उनकी विधानसभा सदस्यता बच गई है. इससे उनकी विधायकी समाप्त होने का खतरा टल गया है.
दरअसल, यह मामला 31 दिसंबर 2018 का है. दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में स्थित एक फार्महाउस में नए साल के जश्न के दौरान हर्ष फायरिंग हुई थी. इस घटना में 45 वर्षीय आर्किटेक्ट एवं डॉक्टर अर्चना गुप्ता को सिर में गोली लगी थी. बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. इस मामले में राजू कुमार सिंह को आरोपी बनाया गया था.
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 4 जुलाई 2026 को सुनवाई के बाद राजू सिंह को गैरइरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी करार देते हुए चार साल की कारावास की सजा सुनाई थी. इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता पर संकट खड़ा हो गया था, क्योंकि जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत दो वर्ष या उससे अधिक की सजा होने पर जनप्रतिनिधि की सदस्यता प्रभावित हो सकती है.
निचली अदालत के फैसले को विधायक ने दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन वहां से उन्हें राहत नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. अब शीर्ष अदालत द्वारा दोषसिद्धि पर रोक लगाए जाने से उन्हें बड़ी राहत मिली है. विधायक फिलहाल जमानत पर बाहर हैं.
राजू कुमार सिंह का राजनीतिक सफर भी काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी से शुरुआत की, बाद में जदयू, भाजपा और वीआईपी में रहे. वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर साहेबगंज से जीत दर्ज की थी.
सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश से उनकी राजनीतिक स्थिति को फिलहाल राहत मिली है. हालांकि, मामले की अपील पर आगे होने वाली सुनवाई महत्वपूर्ण रहेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
