बिहार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी संघ (बिसवा) के आह्वान पर आज मंगलवार को पटना में अधिकारियों द्वारा पैदल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च कारगिल चौक से शुरू होकर जेपी गोलंबर होते हुए मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचेगा। इस दौरान संघ के पदाधिकारी अपनी सात सूत्री मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे।
बिहार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण सेवा संवर्ग के पदाधिकारी पिछले करीब40दिनों से अपनी मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश पर हैं। संघ का कहना है कि लंबे समय से अपनी मांगों को विभाग के समक्ष रखने के बावजूद अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इससे संवर्ग के अधिकारियों में नाराजगी है।
संघ ने अपनी मांगों के समर्थन में आयोजित इस मार्च में राज्यभर में कार्यरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण सेवा संवर्ग के पदाधिकारियों से शामिल होने की अपील की है। पदाधिकारियों का कहना है कि बिहार की करीब20प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय से आती है। ऐसे में इस बड़े वर्ग के कल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं मिलना जरूरी है।
संघ का आरोप है कि संसाधनों के अभाव में कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जिम्मेदार पदाधिकारियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
बिसवा संघ के अध्यक्ष संजय कुमार और सचिव डॉ. राजीव कुमार ने कहा है कि अपनी मांगों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पैदल मार्च आयोजित किया जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि अधिकारियों के इस प्रदर्शन के बाद सरकार और विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
पटना से अंकिता की रिपोर्ट

