पटना : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. बुधवार, 21 अक्टूबर की शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा. प्रचार के अंतिम दिन सभी प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं. इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी.
आठ सीटों पर 150 उम्मीदवार मैदान में
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना,दरभंगा,तिरहुत और कोसी की सीटें हैं. वहीं,शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना,दरभंगा,तिरहुत और सारण शामिल हैं. इन सभी सीटों पर कुल150प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. इनमें स्नातक सीटों पर लगभग90और शिक्षक सीटों पर60उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
23 अक्टूबर को होगा मतदान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा. वोटिंग बैलेट पेपर के माध्यम से कराई जाएगी. इसके बाद27अक्टूबर को मतगणना होगी. इस चुनाव में करीब5.32लाख मतदाताओं के मतदान करने की उम्मीद है. मौजूदा विधान पार्षदों का कार्यकाल16नवंबर को समाप्त हो रहा है.
पटना स्नातक सीट पर मुकाबले पर नजर
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस बार विशेष चर्चा में है. यहां जदयू के मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार फिर से चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं,मोकामा के विधायक अनंत सिंह द्वारा जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह को समर्थन दिए जाने की खबरों से मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
चुनाव में एनडीए,राजद,जन सुराज और अन्य दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं. प्रचार समाप्त होने के बाद अब सभी की निगाहें23अक्टूबर के मतदान और27अक्टूबर को आने वाले नतीजों पर टिकी रहेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
