पटना : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के बीच जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. बुधवार को पटना के मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उनकी तबीयत में सुधार बताया गया है. इससे जेडीयू और एनडीए खेमे को बड़ी राहत मिली है.
दो दिन पहले बिगड़ी थी तबीयत
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार की तबीयत 19 अक्टूबर को अचानक बिगड़ गई थी. इसके बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखकर इलाज किया. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक,उन्हें आईसीयू में भी रखा गया था.
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद नीरज कुमार ने कहा कि अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वह जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे. डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद अब वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं.
सीएम समेत कई नेताओं ने जाना था हाल
नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना था. दूसरी ओर,मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने उनकी बीमारी को लेकर सवाल उठाए थे.
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राहत
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव के लिए बुधवार शाम प्रचार समाप्त हो रहा है. वहीं,23 अक्टूबर को मतदान होना है. ऐसे में प्रचार समाप्त होने से पहले नीरज कुमार के अस्पताल से डिस्चार्ज होने की खबर जेडीयू के लिए राहत भरी मानी जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
