बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित जागरण कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ. यहां ड्यूटी पर तैनात एक दारोगा पर मंच पर चढ़कर महिला डांसर को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है. घटना के बाद लोगों ने विरोध जताया तो दारोगा ने कथित तौर पर अपनी पिस्तौल निकालकर भीड़ की ओर तान दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है.
यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक स्थित मां वैष्णवी सार्वजनिक दुर्गा स्थान की बताई जा रही है. यहां मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से भक्ति जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक,बुधवार की रात करीब तीन बजे मंच पर महिला डांसर फिल्मी गानों पर प्रस्तुति दे रही थीं. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात दारोगा मंच पर पहुंचे और पीछे से महिला डांसर को थप्पड़ मार दिया. इस घटना से वहां मौजूद लोग नाराज हो गए.
बताया जा रहा है कि दारोगा देर रात तक चल रहे कार्यक्रम को बंद कराने पहुंचे थे. उनके निर्देश के बावजूद कार्यक्रम जारी रहने पर आयोजकों के साथ भी कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी. इसके बाद दारोगा मंच पर चढ़ गए.
महिला डांसर का कहना है कि पुलिस के कहने पर उन्होंने नृत्य बंद कर दिया था,इसके बावजूद उन्हें थप्पड़ मारा गया. उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.
वहीं,पुलिस अधिकारियों के अनुसार,कार्यक्रम में अश्लील नृत्य होने और अव्यवस्था की स्थिति बनने की सूचना थी. पुलिसकर्मी स्थिति नियंत्रित करने पहुंचे थे,जहां उनके साथ धक्का-मुक्की हुई. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
