पटना: बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री और बिहार केसरी के नाम से प्रसिद्ध स्वर्गीय डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई. इस अवसर पर राजधानी पटना स्थित मुख्य सचिवालय परिसर में उनकी प्रतिमा स्थल के निकट राजकीय समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री,जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे. ग्रामीण विकास मंत्री सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार,सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव तथा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.
इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी,विधायक श्याम रजक,विधायक रत्नेश कुमार और विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने बिहार केसरी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया. पूर्व विधान पार्षद कुमुद वर्मा समेत कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि दी.
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने आरती-पूजन के साथ राष्ट्रीय गीत,राष्ट्रगान,बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी. पूरे कार्यक्रम के दौरान बिहार केसरी के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव देखने को मिला.
राजकीय समारोह के माध्यम से राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
