बगहा: बड़ी खबर बिहार के बगहा से है जहां रामनगर में 9 साल के बच्चे के अपहरण और 20 लाख रुपये फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से देसी रिवॉल्वर,दो गोलियां,दो मोबाइल और अपहरण में इस्तेमाल बाइक भी बरामद किया गया है. यह मामला 14 अक्टूबर का है.
पुलिस के मुताबिक रामनगर थाना क्षेत्र के सेरहवा देवराज गांव स्थित मसान नदी पुल पर तीन बच्चे खेल रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों ने करीब 9 वर्षीय शादिक अंसारी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया. घटना के बाद बच्चे के पिता अब्दुल कैश अंसारी के आवेदन पर रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार 17 और 18 अक्टूबर को बच्चे के पिता के मोबाइल पर फोन कर अपहरण की जानकारी दी गई और बच्चे को छोड़ने के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई. पैसे नहीं देने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी गई. 18 अक्टूबर की शाम फिरौती की रकम लेकर पिता को भितिहरवा आश्रम बुलाया गया,लेकिन अपहरणकर्ता वहां नहीं पहुंचे.
इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रामनगर के नेपाली टोला में छापेमारी की. यहां एक दुकाननुमा कमरे से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद किया गया. पुलिस ने इस मामले में मो. नेयाज अहमद,अफरीदा खातून,मिक्की जायसवाल और नासीर अली को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल बाइक,फिरौती मांगने में प्रयुक्त मोबाइल फोन के साथ एक देसी रिवॉल्वर और दो गोलियां भी बरामद की है. हथियार की बरामदगी को लेकर रामनगर थाने में अलग से आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
बगहा से राकेश कुमार की रिपोर्ट
