पटना/ किशनगंज/ नालंदा: "इतनी भीड़ होने के बावजूद यहां की सफाई देखिए, कितनी बेहतर है. पूजा पंडाल में स्वच्छता कर्मियों द्वारा नियमित रूप से साफ-सफाई की जा रही है. इस पहल का उद्देश्य पूजा पंडाल और आसपास के परिसर को स्वच्छ, सुंदर और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाना है." नालंदा जिले के कतरीसराय प्रखंड की दरवेशपुरा पंचायत के वार्ड संख्या दो के निवासी लक्ष्य कुमार बताते हैं.
इसी तरह, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत स्वच्छ एवं हरित त्योहार अभियान के अंतर्गत बख्तियारपुर प्रखंड के सालिमपुर (डोमा) दुर्गा स्थान स्थित पूजा पंडाल और आसपास के क्षेत्रों में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया. इस दौरान ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कर साफ-सफाई बनाए रखने की पहल की गई.
स्थानीय निवासी राहुल कुमार बताते हैं, "पूजा पंडाल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई के लिए यह पहल की जा रही है. इससे स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलती है."
वहीं, किशनगंज के महीनगांव में भी दुर्गा पूजा पंडालों और मेला स्थल पर स्वच्छता कर्मियों द्वारा लगातार साफ-सफाई की जा रही है. स्थानीय निवासी हरिलाल बताते हैं, "सरकार की यह पहल काफी शानदार है. इससे आम लोगों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है."
स्वच्छ एवं हरित त्योहार अभियान का उद्देश्य
स्वच्छ एवं हरित (Eco-Friendly) त्योहार अभियान के तहत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत राज्य के पूजा पंडालों में स्वच्छता कर्मियों द्वारा साफ-सफाई की जा रही है. इस पहल का उद्देश्य पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके.
बिहार सरकार लोगों से अपील कर रही है कि वे इस दुर्गा पूजा पर स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी बनाएं. कचरा इधर-उधर न फेंकें, बल्कि उसे निर्धारित स्थान पर ही डालें. साथ ही, स्वच्छ एवं हरित त्योहार के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें.
स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर
गौरतलब है कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (LSBA) बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग की एक प्रमुख योजना है. यह स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को खुले में शौच से मुक्त (ODF) बनाने के साथ-साथ संपूर्ण स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के लिए काम करती है.
पर्व-त्योहारों के दौरान साफ-सफाई बनाए रखना स्थानीय प्रशासन और सरकार की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है. इसके साथ ही, नागरिकों का भी कर्तव्य है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने में सहयोग करें.
बिहार सरकार छठ पूजा, दुर्गा पूजा और दीपावली जैसे प्रमुख पर्व-त्योहारों के दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान देती है. इस दौरान राज्य के ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और स्थानीय नगर निकायों द्वारा शहरों से लेकर गांवों तक व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाए जाते हैं. इन प्रयासों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है.
