गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में विदेशी नस्ल के कुत्तों को लेकर विवाद गहरा गया है। शहर की एक हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में जर्मन शेफर्ड और लैब्राडोर नस्ल के दो कुत्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मुख्य सचिव तक पहुंच गया है। आरोप है कि कुत्तों के सोसाइटी में घूमने के दौरान कुछ बच्चों को दौड़ाया गया, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। नगर परिषद ने कुत्तों के रजिस्ट्रेशन को लेकर डॉक्टर को दो नोटिस जारी किए हैं, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिलने की बात कही जा रही है। वहीं, डॉक्टर ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य सचिव से लेकर थाना प्रभारी तक को आवेदन दिया है।
विदेशी नस्ल के दो कुत्तों को लेकर विवाद
गढ़वा शहर के विद्या एन्क्लेव सोसाइटी में विदेशी नस्ल के दो कुत्तों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामला शहर के प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. अशोक कुमार से जुड़ा है, जो इसी सोसाइटी में रहते हैं। बताया जा रहा है कि डॉ. अशोक कुमार अपने जर्मन शेफर्ड और लैब्राडोर नस्ल के दो कुत्तों को लेकर सोसाइटी में घूम रहे थे। इसी दौरान कुत्तों द्वारा सोसाइटी में रहने वाले बच्चों को दौड़ाने का आरोप लगा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध जताया।
मुख्य सचिव तक पहुंचा कुत्तों का विवाद
मामला सोसाइटी में ही रहने वाले गढ़वा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार तक पहुंचा। उन्होंने डॉक्टर से कुत्तों के रजिस्ट्रेशन के संबंध में जानकारी मांगी। इसके बाद मामला और गरमा गया। डॉक्टर ने इसे अपमानजनक मानते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और मुख्य सचिव को आवेदन दिया। आवेदन में उन्होंने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया है।
नगर परिषद को नोटिस का नहीं मिला जवाब
इधर, नगर परिषद ने कुत्तों के रजिस्ट्रेशन और उन्हें पालने से जुड़े नियमों के अनुपालन को लेकर डॉक्टर को दो नोटिस जारी किए हैं। नोटिस के जरिए कुत्तों के रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने और निर्धारित नियमों के पालन की जानकारी देने को कहा गया है। नगर परिषद का कहना है कि अब तक नोटिस का जवाब नहीं मिला है। ऐसे में जवाब मिलने और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
इस मामले पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया था और वह स्वयं इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल कुत्तों के रजिस्ट्रेशन के बारे में जानकारी मांगी थी, लेकिन अब तक इसका जवाब नहीं मिला है। जवाब नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गढ़वा से ध्रमेंद्र कुमार की रिपोर्ट

