रांचीः विजयादशमी को लेकर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में दशहरा उत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पंजाबी हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से रावण दहन कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। मैदान में श्रमिकों और हाइड्रा की मदद से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशालकाय पुतलों को खड़ा किया जा रहा है। रावण का पुतला 80 फीट, कुंभकर्ण का पुतला 75 फीट और मेधनाथ का पुतला 70 फीट का रहेगा।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे रावण दहन
विजयादशमी के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रिमोट के माध्यम से रावण के पुतले का दहन करेंगे। इस आयोजन को लेकर कमेटी की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मैदान परिसर में24 फीट ऊंची डबल डेकर सोने की लंका भी तैयार की गई है, जो दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
आतिशबाजी और लाइटिंग से जगमगाएगा मैदान
इस बार दशहरा उत्सव में दर्शकों के मनोरंजन के लिए खास आतिशबाजी शो आयोजित किया जाएगा। दशहरा कमेटी के अध्यक्ष सौरभ खन्ना ने बताया कि कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
कोलकाता से आए कारीगरों के अनुसार, इस बार रिमोट के जरिए आकाशीय आतिशबाजी की जाएगी। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगाने की उम्मीद है। इसके अलावा रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों में विशेष लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है।
भव्य दशहरा उत्सव को लेकर उत्साह
मोरहाबादी मैदान में पुतलों को खड़ा करने से लेकर मंच और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम जारी है। आयोजकों का प्रयास है कि विजयादशमी के अवसर पर लोगों को भव्य रावण दहन और आकर्षक आतिशबाजी का अनुभव मिले।
रांची में दशहरा उत्सव के दौरान मोरहाबादी मैदान में हर साल बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। इस बार विशाल पुतलों, डबल डेकर सोने की लंका और आकाशीय आतिशबाजी के साथ आयोजन को खास बनाने की तैयारी है।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट

