सांसद बीडी राम ने पूर्व में हुई मीटिंग में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की ली जानकारी
गढ़वा : सांसद बीडी राम की अध्यक्षता में आज गढ़वा जिला समाहरणालय सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया. दिशा की बैठक शुरु होने से पूर्व सांसद ने उपस्थित सभी सदस्यों एवं जिला प्रशासन को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी. इसके बाद उपायुक्त शेखर जमुआर ने सांसद, विधायक समेत बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया. बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, निलेश मुर्मू द्वारा एक-एक कर पिछली बार हुई दिशा की मीटिंग में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी समिति के समक्ष रखा गया. बैठक में सांसद द्वारा मुख्य रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अनापत्ति प्रमाण पत्र से संबंधित मामले, 15वें वित्त के तहत योजना, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, वन विभाग से जुड़े मामले, भू अर्जन, मुआवजा भुगतान, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा विभाग से जुड़े मामले, कल्याण विभाग अंतर्गत मामले, आपूर्ति विभाग अंतर्गत राशन वितरण, धान अधिप्राप्ति, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामले, श्रम विभाग, लघु सिंचाई, जल पथ समेत अन्य मामलों पर विस्तारपूर्वक समीक्षा कर पूर्व में दिए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी लिया गया.
