

शुक्रवार, 18 सितंबर 2026
Liveबोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह से लापता बच्चे को ओडिशा के पुरी से सकुशल बरामद कर लिया गया है. दरअसल यह बच्चा 6 जून से लापता था. इसकी लिखित शिकायत बालीडीह थाने में दर्ज कराई गई थी.बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर बच्चे की तलाश हेतु तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों ने बोकारो रेलवे स्टेशन सहित कुल 8 रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की गई. बोकारो और मुरी रेलवे स्टेशनों पर बच्चा रेलवे स्टेशन और ट्रेन में सवार होता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की सहायता से उसे ओडिशा के पुरी से बरामद कर लिया गया है. बरामदगी के समय उसकी माता भी मौके पर उपस्थित थी. मुख्यालय डीएसपी ने बताया कि नाबालिग बच्चों के लापता होने के मामलों में उच्च न्यायालय भी अत्यंत गंभीर है. इसको ध्यान में रखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और 5 दिनों के भीतर लापता बच्चे को बरामद कर लिया.डीएसपी ने यह भी बताया कि बच्चे के पिता का नाम अमित गुप्ता है, जो एक आपराधिक मामले में जेल में बंद हैं. माता भी दिल्ली में कार्यरत होने के कारण बच्चा पूरी तरह से भटक गया था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया था.
बोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां बालीडीह थाना की पुलिस ने चोरी के एल्यूमिनियम तार की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना मोड़ के पास चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान सफेद रंग की अल्टो कार को पीछा कर पकड़ा. कार से करीब 70 किलो कटिंग किया हुआ एल्यूमिनियम तार बरामद करते हुए 4 लोगों को पकड़ा है. मामले में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ किया गया है. पूछताछ में पकड़े गये आरोपियों ने बताया कि वे लोग बोकारो स्टील प्लांट के आसपास से एल्यूमिनियम तार चोरी कर उसे बेचने का काम करते थे. मामले में प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु को गिरोह का मुख्य सरगना बताया गया है. इस गिरोह का नेटवर्क बोकारो से लेकर रामगढ़ है. रोहित कुमार रामगढ़ का रहने वाला है जो चोरी का अल्युमिनियम खरीदने का काम करता है. गिरफ्तार आरोपियों में सिंदु कुमार, प्रिंस कुमार और रोहित कुमार शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से 70 किलो एल्यूमिनियम तार और आल्टो कार संख्या JH10V-3892 जब्त की है. इस संबंध में बालीडीह थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
बोकारो : बड़ी खबर झारखंड के बोकारो से है जहां हरला थाना क्षेत्र स्थित दामोदर नदी के बरवा घाट में नहाने गए 3 युवकों में से 2 युवक नदी की तेज धार में बह गए. स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दूसरे युवक की तलाश जारी है.मृतक युवक की पहचान आजाद नगर निवासी विष्णु कांत के रूप में हुई है. वहीं, बीएसएल एलएच स्ट्रीट 10 के रहने वाले शौर्य कुमार का अब तक पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना मिलने पर हरला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है. घटना के संबंध में वहां मौजूद तीसरे दोस्त रवि कुमार ने बताया कि तीनों दोस्त स्नान करने के लिए नदी में गए थे. उन्होंने बताया कि शैंपू लगाकर जैसे ही वे लोग पानी में उतरे, उनका पांव फिसल गया और तीनों डूबने लगे. उसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने रवि को खींचकर बाहर निकाल लिया, लेकिन विष्णु कांत और शौर्य कुमार तेज धार में बह गए. स्थानीय लोगों की मदद से विष्णु कांत को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बोकारो: विष्णुगढ़ मामले को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गई है. झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दी है. बीजेपी पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया है. सर्किट हाउस में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी और महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा.नेताओं ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा भीम राम को पार्टी का नेता मानने से इनकार करने पर सवाल उठाए हैं. जेएमएम नेताओं ने प्रेस वार्ता के दौरान एक तस्वीर भी दिखाई, जिसमें मुख्य आरोपी भीम राम बीजेपी नेताओं के साथ पार्टी का पट्टा पहने खड़ा नजर आ रहा है.उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अब अपने ही लोगों से पल्ला झाड़ रही है और राज्य की जनता को गुमराह करने का काम कर रही. साथ ही नेताओं ने कहा कि जो लोग पहले आरोपी के लिए फांसी की मांग कर रहे थे, वे अब चुप्पी साधे हुए हैं. यह पूरा मामला सरकार को बदनाम करने की साजिश है.जेएमएम ने कहा कि बीजेपी का दोहरा चरित्र सामने आ गया है. जब उनके बड़े नेताओं के साथ आरोपी खड़ा है, तो अब उसे अपना मानने से इनकार करना जनता को गुमराह करने की कोशिश है. जेएमएम ने इसे पूरी तरह से साजिश करार दिया है. बीजेपी सिर्फ सरकार को बदनाम करने का काम कर रही है. इस जघन्य अपराध के आरोपी को फांसी देने की मांग की है.
बोकारो : धनबाद-पुरुलिया मुख्यमार्ग स्थित तालगाड़िया मोड़ में होटल क्लार्क्स इन का शनिवार को भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह, होटल के मालिक मंटू सिंह के बड़े भाई बीडी सिंह और चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया. इस मौके पर कई समाज से जुड़े लोग मौजूद रहे. नये होटल क्लार्क्स इन को आधुनिक तरीके से बनाया गया है. इसमें 42 कमरे स्विमिंग पूल सहित अन्य सुविधा उपलब्ध है. भोजपुरी सुपरस्टार अक्षरा सिंह ने कहा कि यह होटल अपने आप में बोकारो के लिए काफी बेहतर है. इसका लाभ बोकारो और बोकारो आने वाले लोगों को मिलेगा. होटल के खुलने से बोकारो में कई संभावनाएं भी आने वाले समय में देखने को मिलेगी. होटल संचालक के बड़े भाई बी डी सिंह ने कहा कि यह हमारे परिवार के लिए एक सपना था जो आज पूरा हुआ है.वहीं विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि होटल खुलने से बोकारो में आने वाले समय में विकास भी देखने को मिलेगा. लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी तो लोगों का आना-जाना भी बोकारो में बढ़ेगा और इसका लाभ बोकारो को आने वाले समय में होगा.
बोकारो : जिले के प्रसिद्ध श्रीराम मंदिर में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आ रहा है और पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह साफ दिखाई दे रहा है.सुबह होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बोकारो के श्रीराम मंदिर पहुंचने लगे. लोग पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद ले रहे हैं. “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा है. कई श्रद्धालु मंदिर में श्रद्धा के साथ झंडा भी लगा रहे हैं. परिवार के साथ पहुंचे लोग भगवान श्रीराम से राज्य और देश की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं.इस मौके पर श्रद्धालु लूसी ने कहा, “हम हर साल यहां आते हैं, भगवान श्रीराम से परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं.” वहीं, श्रद्धालु सुनीता देवी ने बताया, “बहुत अच्छा माहौल है, जय श्री राम के नारों से मन को शांति मिल रही है.” श्रद्धालु अंकित कुमार ने भी रामनवमी पर मंदिर में उमड़े उत्साह और भक्ति भावना को विशेष बताया. मंदिर के पुजारी छोटेलाल झा ने बताया कि रामनवमी के पावन अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है और पूरे विधि-विधान से पूजा-पाठ किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है. वहीं, प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. कुल मिलाकर, बोकारो के श्रीराम मंदिर में रामनवमी के मौके पर आस्था और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है.
बोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां माराफारी थाना क्षेत्र के सिवनडीह में LPG गैस रिफिलिंग करने वाले दुकान में अचानक आग लगने से धमाका शुरू हो गया. देखते ही देखते कई गैस सिलेंडर आग का गोला बनाकर फटने लगा. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. घटना के बाद आग बुझाने की कोशिश हो रही है. बताया जा रहा है कि माराफारी थाना क्षेत्र के सिवनडीह में LPG गैस रिफिलिंग दुकान में आग लग गई. इस घटना में 6 से अधिक दुकान जलकर खाक हो गया. धमाके की सूचना मिलने के बाद मौके पर चार दमकल की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू करने का प्रयास शुरू कर दिया है. लेकिन अब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है. अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग का काम नेशनल हाइवे के किनारे दुकानों में किया जा रहा था. आग दुकान में कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया है. पुलिस मौके पर पहुंची है. वहीं लोगों की भी काफी भीड़ है.
बोकारो : गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसायटीज टेक्निकल कैंपस, इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेज, बोकारो तथा भेंड्रा टूल्स इंडस्ट्रीज प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, ग्राम - भेंड्रा, प्रखंड- नवाडीह, जिला- बोकारो, के बीच मेमोरैंडम ऑफ अंडर्स्टैंडिंग हस्ताक्षरित हुआ. हस्ताक्षरकर्ता, कॉलेज निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरुहार और भेंड्रा के मुखिया नरेश कुमार विश्वकर्मा रहे. भेंड्रा के गोपाल विश्वकर्मा, पांचू विश्वकर्मा,प्रदीप शर्मा एवं बासु बिहारी उपस्थित रहे. ज्ञात हो कि भेंड्रा को झारखण्ड का शैफील्ड कहा जाता है. यह गाँव शेरशाह सूरी ने 15वीं सदी में बसाया था. उस समय से यह जगह लोहे के हथियार और औजारों के निर्माण के लिए प्रसिद्ध है. अंग्रेजों के समय में रेलवे में प्रयोग होने वाले बाल-पेन हैम्मर का निर्माण यहां शुरु हुआ. कॉलेज निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरुहार ने बताया कि इस एम. ओ. यू. का उदेश्य, भेंड्रा के पारंपरिक लौह-शिल्प और इंजीनियरिंग की अद्यतन तकनीक के युग्म से दोनों पक्षों का लाभान्वित होना है. इंजीनियरिंग के छात्रों को मॉडर्न टेक्नोलॉजी के पारंपरिक शिल्प का व्यवहारिक ज्ञान देना है. इस उपलक्ष्य पर मुख्य अतिथि, संस्थान के सचिव सुरेंद्र पाल सिंह ने नरेश विश्वकर्मा, मुखिया भेंड्रा, को शॉल प्रदान कर सम्मानित किया. नरेश विश्वकर्मा ने सुरेंद्र पाल सिंह को उपहार स्वरूप हस्त-शिल्प भेंट किया तथा भेंड्रा आने के लिए निमंत्रित किया. यह कार्यक्रम, कॉलेज के स्टूडेंट पार्लियामेंट हाल में सभी फैकल्टी मेंबर्स की उपस्थिति में संपन्न हुआ. कार्यक्रम का संचालन प्रो. विकास जैन ने किया. संस्थान के अध्यक्ष तरसेम सिंह ने बधाई व शुभकामनायें दी.
बोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां बालीडीह थाना की पुलिस ने गाड़ी और टावर से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने में कामयाबी पाई है. पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को पकड़ा है. इसमें 4 चोर और एक खरीददार शामिल है. वहीं चोर गिरोह के पास से 46 बैटरी बरामद किया गया है. चोरी में इस्तेमाल किया जाने वाला टोटो और पल्सर बाइक के साथ कटर मोबाइल सहित अन्य सामान जब्त किया गया है. मामले में एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड धीरज कुमार वर्मा है ,जो चार लोगों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दे रहा था. इस चोर गिरोह ने बालीडीह थाना क्षेत्र में दो, सेक्टर 12 थाना क्षेत्र में तीन, पिंडराजोरा थाना क्षेत्र में एक और बीएस सिटी थाना क्षेत्र में एक चोरी की घटना को अंजाम देने का काम किया था. गिरफ्तार धीरज कुमार वर्मा ,प्रथम कुमार और रोशन कुमार सोनाटांड़ का रहने वाला है जबकि पीयूष कुमार राजेंद्र नगर का रहने वाला है. खरीददार महेश कुमार महतो जेन मॉड का रहने वाला है. एसपी ने बताया कि इस गिरोह के पकड़े जाने से चोरी की घटनाओं में कमी आएगी. चोरों का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को हाथ लगा है.
बोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां पुलिस ने चिराचास थाना क्षेत्र के एक फ्लैट से जमशेदपुर और बिहार के रहने वाले 6 साइबर ठग को गिरफ्तार कर लिया है. भारत सरकार के प्रतिबिंब एप से मिली जानकारी के बाद एसपी के द्वारा गठित टीम ने चिरारचास थाना क्षेत्र के वैष्णवी कंपलेक्स के एक फ्लैट से जमशेदपुर और बिहार के रहने वाले 6 साइबर ठग को पकड़ने में कामयाबी हुई है. गिरफ्तार साइबर ठग गिरोह का मास्टरमाइंड शेखपुरा बिहार का रहने वाला प्रिंस कुमार है. इसके खिलाफ बिहार के विभिन्न स्थानों में चार मामले दर्ज हैं. उसके साथ जमशेदपुर के रहने वाले मिथिलेश कुमार झा, शेखपुरा के रहने वाले रोहित आर्य, नवादा बिहार के रहने वाले टिंकू कुमार, विकास रविदास और नालंदा जिला के रहने वाले गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 13 एंड्रॉयड और कीपैड मोबाइल,₹20000 नकद, विभिन्न कंपनियों के सिम सभी गिरफ्तार अपराधियों का आधार कार्ड, एचडीएफसी का पासबुक और ठगी का हिसाब किताब का पंजी भी बरामद किया गया है.मामले में एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि यह सफलता प्रतिबिंब एप के माध्यम से मिली है. यह गिरोह लोन दिलाने और म्युचुअल फंड में जल्दी पैसे दोगुनी करने के नाम पर लोगों को ठगने का काम करते थे. इन लोगों का और भी नेटवर्क है जिसकी जांच की जा रही है.एसपी ने बताया कि यह लोग सोशल मीडिया के माध्यम से नंबर लोगों का इकट्ठा करते थे उसके बाद ठगी का शिकार बनाते थे. एसपी ने बताया कि बैंक कर्मियों के मिली भगत की भी जांच मामले में की जाएगी.
बोकारो : प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने रांची के विधायक सीपी सिंह और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर बड़ा हमला किया है. उन्होंने दोनों ही नेताओं के साथ-साथ भाजपा नेताओं की मानसिक स्थिति खराब होने की बात कही है. राजेश ठाकुर ने कहा कि सभी भाजपा नेताओं की मानसिक स्थिति को ठीक करने के लिए रांची रिन पास को ठीक कराया जा रहा है. ताकि इनका इलाज कराया जा सके. उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष रहा हुआ व्यक्ति नुसरत का संबंध आतंकवादियों से होने की बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस मामले को लेकर क्या कहा अगर उनकी समाज की बेटी का घूंघट किसी ने उठा दिया होता तो आज क्या होता. पूरे बिहार झारखंड में आग लग गई होती. उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देने वालों पर तरस आता है क्योंकि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की बहाली करने से नहीं होगा. मानसिक स्थिति का पूर्वोत्तर का सबसे बड़ा अस्पताल रांची का रिन पास को भी ठीक करना होगा, क्योंकि वैसे नेताओं को भी ठीक करना होगा.
बोकारो : जिला प्रशासन एवं डालमिया भारत फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत शनिवार को समाहरणालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर 10 दिव्यांगजनों के बीच बैट्री संचालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया. साथ ही 55 टीवी मरीजों को पोषण किट भी प्रदान किया गया. पोषण किट में मसूर दाल 03 केजी, सरसों तेल 01 केजी,चना 1.5 केजी,बादाम 01 केजी, गुड़ 01 केजी आदि शामिल है. इस मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कंपनी की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार कंपनी ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कदम बढ़ाया है, वह प्रेरणादायी है. उन्होंने कहा कि अन्य कंपनियों एवं संस्थाओं को भी ऐसे सामाजिक कार्यों में आगे आना चाहिए. कई बार दिव्यांगजन अपनी समस्याओं को लेकर जनता दरबार में पहुंचते हैं और समाज के सहयोग से ही ऐसे कार्य संभव हो पाते हैं. उन्होंने कहा कि बैटरी संचालित ट्राई साइकिल मिलने से वह अपना काम कर पाएंगे हम उन्हें वह खुशियां तो नहीं दे सकते लेकिन हमारा प्रयास उसके लिए हमेशा रहेगा.
बोकारो : जिले में नियुक्त किए गए 101 ग्रामीण पुलिस (चौकीदारों)के प्रशिक्षण के बाद सेक्टर 12 पुलिस लाइन मैदान में पारण परेड का आयोजन किया गया. पारण परेड में शामिल डीसी अजय नाथ झा और एसपी हरविंदर सिंह ने परेड का निरीक्षण करते हुए सलामी ली. सभी नियुक्त ग्रामीण पुलिस का प्रशिक्षण सेक्टर 12 पुलिस लाइन में दिया जा रहा था जहां उन्हें अनुशासन, ड्यूटी के कर्तव्य बोध, शारीरिक दक्षता समेत अन्य जानकारी दी गई.समारोह में 101 प्रशिक्षुओं ने सटीक, अनुशासित और समन्वित परेड का शानदार प्रदर्शन कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता का परिचय दिया.इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि चौकीदार समाज की सुरक्षा और विश्वास की पहली कड़ी है. नागरिकों की निश्चिंतता के लिए चौकीदारों का सतर्क, संवेदनशील और ईमानदार होना अत्यंत आवश्यक है. डीसी अजय नाथ झा ने कहा चौकीदार वर्दीधारी कर्मी ही नहीं, बल्कि समाज का भरोसा है.पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा कि चौकीदार संस्था , सूचना संकलन, सत्यापन और प्रशासन-पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच समन्वय में अहम भूमिका निभाती है. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों और सभी प्लाटूनों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए.
बोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां हरला थाना क्षेत्र में हुई बुजुर्ग दंपती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि हरला थाना क्षेत्र के बोकारो स्टील प्लांट गेट नंबर 3 के पास जोशी कॉलोनी में पिछले दिनों बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या कर दी गई. घटना के बाद एसपी के द्वारा गठित एसआईटी टीम ने मामले का उद्भेदन करते हुए जोशी कॉलोनी के रहने वाले 2 आरोपी युवकों को पकड़ा है. वहीं हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू, खून से सन ईंट,हत्या के दौरान इस्तेमाल किया गया खून से लथपथ कपड़ा और मृतक दंपती का टूटा हुआ की पैड मोबाइल भी बरामद किया गया है. बुजुर्ग दंपती जोशी कॉलोनी में चाय पकौड़ी और प्लांट में कैंटीन चलाने का काम करते थे. व्यावसायिक रंजिश के कारण ही दुकान के सामने रहने वाले ओम प्रकाश कुमार उर्फ ललुआ और उसके मित्र रामचंद्र कुमार उर्फ बिट्टू ने घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दिया.एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी ओमप्रकाश और बुजुर्ग दंपती का दुकान आमने-सामने था. ग्राहक को लेकर आपस में विवाद होता था. इसका आरोपी ओम प्रकाश प्रतिष्ठा का विषय बना लिया था. 30 नवंबर की देर रात सिगरेट लेने को लेकर ओमप्रकाश और उसके मित्र रामचंद्र ने घर का दरवाजा खुलवाया. इसके बाद महिला ने गाली गलौज शुरू किया. उसके बाद ईंट से मार कर महिला को घायल कर दिया. इसके बाद घर में घुसकर दोनों की चाकू से गोद कर हत्या कर दी.
बोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां बालीडीह स्थित इंडस्ट्रियल क्षेत्र में एक बार फिर हादसा हुआ है. पाटिल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड नामक फैक्ट्री में काम के दौरान ऊंचाई से गिर जाने से एक युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बालीडीह स्थित पाटिल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड नामक फैक्ट्री में बिहार के छपरा के रहने वाले 25 वर्षीय आशुतोष कुमार राय काम के दौरान अचानक ऊंचाई से गिर गया. मृतक कंपनी में फीटर का काम करता था और झोपड़ी कॉलोनी में रहता था. घटना के बाद घायल मजदूर को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मजदूर की मौत के बाद फैक्ट्री में स्थानीय लोगों और मजदूरों का जमावड़ा लग गया. लोग मुआवजे की मांग करने लगे. प्रबंधन और स्थानीय नेताओं के पहल पर मृतक के पिता को 13 लाख रुपए मुआवजा देने पर सहमति बनी. इसके साथ-साथ क्रिया कर्म के लिए एक लाख नगद देने का भी निर्णय लिया गया. झारखंड मुक्ति मोर्चा के बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि लगातार हादसे इंडस्ट्रीज में हो रहे हैं, जो काफी चिंताजनक है. बिना सेफ्टी के काम करने से इस तरह की घटना हो रही है. इस पर तत्काल रोक लगना चाहिए. वहीं प्लांट के एजीएम असीम चक्रवर्ती ने बताया कि घटना उतारने के दौरान हुई थी. मजदूर ने सभी सेफ्टी मेजर एस का पालन किया था. लेकिन सेट में पैर फंसने के कारण वो नीचे गिरा. प्रबंधन ने 13 लाख मुआवजा देने का निर्णय लिया है.
बोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां पुलिस ने माराफारी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात जुआ अड्डा पर छापेमारी कर 7 युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गये युवकों के पास से 5500 रुपये औ 22 बोतल विदेशी शराब जब्त किया गया है.बताया जा रहा है कि एसपी के निर्देश पर माराफारी थाना प्रभारी की अगुवाई में जुआ अड्डे पर शनिवार देर रात छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस ने 7 लोगों को पकड़ा. पकड़े गये युवकों के पास से 5500 बरामद किया गया है. उसके साथ-साथ 22 बोतल विदेशी शराब भी मौके से जब्त किया गया है. यह कार्रवाई घोईंचा टोला में की गई.माराफारी थाना क्षेत्र में ही जुआ अड्डा में हुई लूटपाट की घटना में एक व्यक्ति की गोली मारकर पूर्व में भी हत्या की जा चुकी है. इसी को लेकर बोकारो एसपी हरविंदर सिंह को सूचना मिली थी कि घोईंचा टोला में जुआ अड्डा संचालित हो रहा है. इसी निर्देश पर माराफारी थाना प्रभारी मोहम्मद आजाद खान की अगुवाई में छापेमारी करते हुए साथ जुआ खेलने वाले को गिरफ्तार किया गया.
बोकारो : भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती के साथ झारखंड राज्य का 25 वाँ स्थापना दिवस रजत जयंती के रूप में मनाया गया. बोकारो के सेक्टर वन स्थिति शिबू सोरेन स्मृति भवन में शनिवार को स्थापना दिवस समारोह मनाया गया. इस मौके पर राज्य के पेयजल स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक उमाकांत रजक विधायक कुमार जय मंगल सिंह, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी समेत जिले के तमाम अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान एक सौ करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास के साथ करोड़ों की संपत्ति का वितरण किया गया. कई कंपनियों के द्वारा सीएसआर के माध्यम से लोगों को गाड़ी सहित अन्य उपकरण भी उपलब्ध कराया गया.राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के द्वारा किया गया 6 साल का काम पिछले 17 साल पर भारी पड़ रहा है. वर्तमान समय में झारखंड के लोग सरकार के साथ खड़े हैं. लोगों का विश्वास सरकार ने जीता है, यही कारण है कि दूसरी बार राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार बनी है, जो भी योजनाएं सरकार के द्वारा लागू की गई है उनका लाभ सीधे लोगों को पहुंच रहा है.
बोकारो: जिले के हरला थाना क्षेत्र के बसंती मोड़ पर मंगलवार बीती रात एक दुकान में भीषण आग लग गई . आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही अग्निशमन की 2 गाड़ी मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंती मोड़ स्थित पुआल की दुकान में मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे अचानक आग लग गई. आग लगते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.दमकल कर्मियों के मुताबिक अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पास की अन्य दुकानों तक भी आग फैल सकती थी और बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि यह पटाखे की चिंगारी से लगी हो सकती है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बोकारो : बड़ी खबर बोकारो से है जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और ब्राउन शुगर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मामले में 3 अपराधियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशे का सामान बरामद किया है.बताया जा रहा है कि 04 अक्टूबर की सुबह बोकारो पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम सिजुआ तालाब के पास दो युवक मोटरसाइकिल खड़ा कर गांजा और ब्राउन शुगर का पुड़िया बनाकर बेच रहे हैं. इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया. तलाशी में 1.540 किलो गांजा, 10 पुड़िया ब्राउन शुगर और 850 रुपये नगद बरामद हुए. पुलिस की पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे बारी कॉपरेटिव कॉलोनी के अनिरुद्ध साव उर्फ हित से गांजा खरीदते हैं.निशानदेही पर अनिरुद्ध साव के घर छापेमारी में 10.400 किलो गांजा, हुंडई वेन्यू कार, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 7939 रुपये नगद समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में अनिरुद्ध साव, मो0 फैज अकरम और मो0 मतलुब आलम शामिल हैं. पुलिस ने कुल 11.940 किलो गांजा, 10 पुड़िया ब्राउन शुगर और अन्य सामान जब्त किया है.