मैथिली भाषा के अमर रचनाकार, 'मैथिल कोकिल' महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि पर आज राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए। उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने महाकवि विद्यापति के साहित्यिक योगदान को नमन किया और उन्हें मैथिली भाषा के साथ-साथ भारतीय साहित्यिक परंपरा का एक अमूल्य रत्न बताया। उन्होंने कहा कि विद्यापति की कालजयी रचनाएं हमारी समृद्ध मैथिली भाषा, साहित्य, संस्कृति और परंपरा की ऐसी धरोहर हैं, जिनका महत्व समय के साथ और गहरा होता जाता है।

संजय सरावगी ने कहा कि महाकवि की रचनाओं में लोकजीवन,मानवीय संवेदनाओं,प्रेम,भक्ति और सामाजिक चेतना का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने अपनी लेखनी के ज़रिये मैथिली भाषा को जो सम्मान और प्रतिष्ठा दिलाई,वह भारतीय साहित्य के इतिहास में हमेशा याद रखी जाएगी। उनके शब्दों में मिथिला की माटी की सुगंध,यहां की सांस्कृतिक विरासत और आम जनमानस की भावनाएं जीवंत रूप में सामने आती हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ज़ोर देते हुए कहा कि महाकवि विद्यापति केवल मैथिली के महान कवि नहीं हैं,बल्कि भारतीय साहित्यिक चेतना के एक ऐसे सशक्त हस्ताक्षर हैं,जिनकी प्रासंगिकता सदियों बाद भी कायम है। उन्होंने कहा कि विद्यापति की रचनाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक हैं,और उनके विचारों व साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबका साझा दायित्व है।

संजय सरावगी ने विश्वास जताया कि महाकवि का यह साहित्य आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संजोने और आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा। अंत में उन्होंने कहा कि विद्यापति की विरासत मिथिला की सांस्कृतिक अस्मिता की नींव है, और इसे सहेजना समाज के हर वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।