योग गुरु स्वामी रामदेव रविवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां एग्रिको मैदान में आयोजित पतंजलि योग समिति के प्रांतीय महिला सम्मेलन में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और सनातन धर्म को लेकर अपने विचार रखे. उन्होंने लोगों को नियमित योगाभ्यास करने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी. वहीं, सनातन धर्म के नाम पर बढ़ते सामाजिक उन्माद और हिंसा को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सनातन था, है और रहेगा.कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सहित पतंजलि योग समिति के विभिन्न पदाधिकारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
प्रांतीय महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है. नियमित योगाभ्यास से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने में मदद मिलती है. उन्होंने लोगों से योग को केवल विशेष आयोजनों तक सीमित नहीं रखने, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण देन है, जिसे अपनाकर लोग अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं।...सम्मेलन के दौरान बाबा रामदेव ने सनातन धर्म को लेकर देश में चल रही बयानबाजी पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने लोगों से सनातन के नाम पर सामाजिक उन्माद और हिंसा से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि सनातन किसी व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है. सनातन था, है और आगे भी रहेगा. उन्होंने धर्म के नाम पर समाज में तनाव उत्पन्न करने वाली गतिविधियों से सावधान रहने की आवश्यकता बताई।
