
मंगलवार, 15 सितंबर 2026
Liveबेतिया: पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी के जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. समाहरणालय,बेतिया की जिला आपदा प्रबंधन शाखा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्राप्त सूचना के अनुसार चीन में डैम टूटने के कारण नेपाल स्थित नारायणी नदी में अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने की जानकारी मिली है. इसके प्रभाव से नेपाल से सटे पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की संभावना जताई गई है.प्रशासन के अनुसार गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे प्रखंडों के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. संभावित खतरे को देखते हुए नदी के आसपास और निचले स्तर वाले क्षेत्रों में रहने वाली आबादी को सतर्क रहने की अपील की गई है.जिला प्रशासन ने लोगों से कहा है कि स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोग तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं. साथ ही किसी भी व्यक्ति को तत्काल नदी के किनारे नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है.प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क करने की अपील की है. जिला प्रशासन ने कहा है कि आपदा संबंधी सहायता के लिए टीम 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध है.आपात स्थिति में 06254-247002,06254-247003 अथवा मोबाइल नंबर 8757547904 पर संपर्क किया जा सकता है.संजय कुमार की रिपोर्ट--
बेतिया: बिहार के बेतिया में छठिहार पार्टी के दौरान दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने के लिए जुटे लोगों के बीच अचानक बेकाबू बस जा घुसी. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.बताया जा रहा है कि छठिहार पार्टी में बड़ी संख्या में लोग आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने के लिए जुटे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ गई और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. बस की चपेट में आने से करीब10लोग घायल हुए हैं. हादसे में 5 व्यक्तियों की मौत की सूचना है.घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई.हादसे की खबर मिलते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई. परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे भी मौके और अस्पताल की ओर पहुंचे. मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है.पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल है. प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और घटना की आगे की कार्रवाई की जा रही है. विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है.संजय कुमार की रिपोर्ट--
बेतिया: स्वतंत्रता दिवस2026के अवसर पर पश्चिम चम्पारण जिले में भूमिहीन परिवारों को बड़ी सौगात मिली है. अभियान बसेरा-02के तहत जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कुल 970 सुयोग्य भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित किया गया. इस पहल से भूमिहीन परिवारों को अपने आवास के लिए भूमि का वैधानिक अधिकार प्राप्त हुआ है.रमना मैदान,बेतिया में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग-सह-प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने प्रतीकात्मक रूप से30भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र प्रदान किया. प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले लाभुकों के चेहरे पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया.जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश के आलोक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित राजकीय झंडोत्तोलन समारोहों के दौरान भी सुयोग्य भूमिहीन परिवारों के बीच बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया. इस प्रकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले भर में अभियान बसेरा-02के तहत लाभुक परिवारों को भूमि का अधिकार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया.इस अवसर पर प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र का वितरण केवल जमीन का कागज देना नहीं,बल्कि उन्हें अधिकार,सुरक्षा और अपने आशियाने का आधार प्रदान करना है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह पहल गरीब एवं भूमिहीन परिवारों के लिए विशेष महत्व रखती है.उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा रहा है. अभियान बसेरा-02के माध्यम से भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराकर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है.जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि अभियान बसेरा-02के तहत जिले में कुल970सुयोग्य भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया गया है. प्रशासन की इस पहल से लाभुक परिवारों को आवास निर्माण के लिए भूमि का अधिकार मिलने के साथ ही उनके जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा की नई उम्मीद जगी है.बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट-
बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में शुक्रवार को देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई. नगर के राज देवरी परिसर से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शहीद स्मारक पहुंची,जहां इसका समापन किया गया.तिरंगा यात्रा में बिहार के मंत्री सह पश्चिम चंपारण जिले के प्रभारी मंत्री लखेंद्र पासवान,स्थानीय भाजपा सांसद संजय जायसवाल और भाजपा विधायक रेणु देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग शामिल हुए. हाथों में तिरंगा लेकर शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए.यात्रा के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया. शहीद स्मारक पहुंचने के बाद देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई.इस दौरान नेताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता,अखंडता और गौरव का प्रतीक है. तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने और शहीदों के बलिदान को याद करने का संदेश दिया गया.बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट--
नरकटियागंज:गौनाहा प्रखंड स्थित भितिहरवा कस्तूरबा कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षा की शुरुआत हुई. डेयरी,मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने दीप प्रज्वलित और फीता काटकर एआई क्लास का उद्घाटन किया. कार्यक्रम में एमएलसी अफाक अहमदसमेत कई लोग मौजूद रहे.एआई शिक्षा की सुविधा महेश्वर लक्ष्मी मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. अनिल कुमार की पहल से विद्यालय में उपलब्ध कराई गई है. कंप्यूटर के माध्यम से छात्राओं को एआई आधारित शिक्षा दी जाएगी. दावा है कि भितिहरवा के इस कस्तूरबा विद्यालय में पहली बार इस तरह की शिक्षा की शुरुआत हुई है.कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान और बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ पर आधारित लघु नाटक की प्रस्तुति दी. छात्राओं द्वारा बनाए गए आम्र-पोलो के मुकुट,बैच और मोमेंटो देकर अतिथियों को सम्मानित भी किया गया.मंत्री नंदकिशोर राम ने विद्यालय की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि गांधी की कर्मभूमि भितिहरवा में एआई शिक्षा की शुरुआत एक सराहनीय कदम है. उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.मंत्री ने कहा कि विद्यालय के स्वर्णिम विकास के लिए वे लगातार प्रयास करेंगे. साथ ही बिना वेतन कार्य कर रहे शिक्षकों की आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री से मिलकर पहल करने की बात भी कही.नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट---
नरकटियागंज : बड़ी खबर बिहार के पश्चिम चम्पारण से है जहां जिले के नरकटियागंज प्रखंड के मलदहिया पोखरिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है.मामले में निगरानी विभाग के डीएसपी कृपाल चन्द्र जायसवाल ने बताया कि नल-जल योजना के मरम्मत कार्य के भुगतान के एवज में पंचायत सचिव ने संवेदक परवेज कौसर से25हजार रुपये घूस की मांग की थी. इसकी शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए.इसके बाद विशेष टीम का गठन कर जाल बिछाया गया. कार्रवाई के दौरान पंचायत सचिव को सहयोग शिविर से प्रथम किस्त के रूप में15हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया.गिरफ्तार पंचायत सचिव को निगरानी विभाग अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद पश्चिम चम्पारण जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में हड़कंप का माहौल बताया जा रहा है.नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट-
मोतिहारी:पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉट डबल करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया है. जिसमें एक बर्खाश्त बीएमपी का सिपाही और दो बर्खास्त होमगार्ड जवान शामिल है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से ऑरिजनल भारतीय कैरेंसी, डुप्लीकेट भारतीय कैरेंसी के साथ-साथ देशी कट्टा और जिन्दा कारतूस बरामद किया है.यह पूरी कार्रवाई मुफ्फसिल पुलिस ने की है.इस मामले में जानकरी देते हुए सदर डीएसपी जितेश पांडेय ने बताया कि जिले में नोट डबल करने वाला एक बड़ा गिरोह काम करते हैं, इसको लेकर मोतिहारी एसपी के निर्देश पर टीम गठित की गई और उसी टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर नॉट डबल कर लोगों को ठगने वाले गिरोह के 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया. जिसमें एक बीएमपी का जवान विदुर साहनी और बर्खास्त दो होमगार्ड के जवान के साथ साथ अन्य 6 लोग यानी कुल 9 को गिरफ्तार किया गया है. जिनके पास से 34 हजार के ऑरिजनल रुपये और लगभग 4 लाख डुप्लीकेट रुपये,जिसपर चिल्ड्रन बैंक लिखा हुआ बरामद किया गया.एक देशी कट्टा और जिन्दा कारतूस पुलिस की वर्दी के अलावे अन्य सामान बरामद किए गए है.जो बर्खास्त पुलिसकर्मी है वे ऑरिजनल नोट लेकर आने वाले व्यक्ति के पास एका-एक जाता था और उनका रुपये छीन लिया करता था. फिलहालपुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है.
बेतिया : बिहार सरकार के ‘सेवा, संकल्प और समर्पण’ के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में ₹11,464 करोड़ की लागत से कुल 2,476 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम का पश्चिम चम्पारण जिला समाहरणालय सभागार से लेकर पंचायत स्तर तक सीधा प्रसारण किया गया. जिले के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में आमजनों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा.समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता नगमा तबस्सुम, विकास कुमार, अहमद अली अंसारी सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि बिहार सरकार के‘सेवा, संकल्प और समर्पण’ के100दिनों में पश्चिम चम्पारण जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं. जिले के सभी18प्रखंडों में मॉडल स्कूल की शुरुआत की गई है, जबकि8प्रखंडों में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ हुआ है. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इसी उद्देश्य से जिले में मॉडल स्कूल की शुरुआत की गई है और शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.उन्होंने कहा कि विगत तीन महीनों में सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल के माध्यम से आमजनों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है. पश्चिम चम्पारण जिले में सहयोग पोर्टल के माध्यम से राज्य के सभी38जिलों में सर्वाधिक संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं. जिले में प्राप्त लगभग34हजार आवेदनों में से करीब31हजार आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प है कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड, अनुमंडल या जिला कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े.जिला पदाधिकारी ने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से भी आमजनों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है. पंचायत विकास दिवस एवं टीबी मुक्त भारत अभियान सहित विभिन्न अभियानों के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया गया है.उन्होंने पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में पेंशन लाभुकों को जीवन प्रमाणीकरण के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) जाना पड़ता था. अब जिला पंचायती राज कार्यालय के माध्यम से जिले की सभी पंचायतों में बायोमेट्रिक डिवाइस उपलब्ध कराई गई है. इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और बड़ी संख्या में पेंशनधारी अब पंचायत स्तर पर ही जीवन प्रमाणीकरण कराना पसंद कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि जिले में लगभग90प्रतिशत पेंशनधारियों द्वारा जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. पंचायत स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से पेंशनधारियों को काफी सहूलियत मिली है.जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास की गति को तेज करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के विकास की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है. एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रस्ताव आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को भेजा गया है.उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आगे भी इसी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य करता रहेगा, ताकि आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ बिहार सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति दी जा सके.कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण द्वारा विगत100दिनों में जिले में किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों पर तैयार की गई लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया. उक्त फिल्म का निर्माण जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा किया गया था. इसके अतिरिक्त, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा जिलेभर में होर्डिंग, बैनर एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए बिहार सरकार के100दिनों की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया.कार्यक्रम को आकर्षक बनाने में जीविका दीदियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनके द्वारा समाहरणालय परिसर में आकर्षक रंगोली का निर्माण किया गया. कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मेरी एडलिन द्वारा किया गया.इसी क्रम में जिले में कुल179लोगों के बीच बासगीत का पर्चा वितरण किया गया. समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह द्वारा10लाभुकों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया गया. बासगीत पर्चा प्राप्त करने वाले लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. लाभुकों ने इसके लिए जिला प्रशासन एवं सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया.बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट-
नरकटियागंज:पश्चिम चम्पारण के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एसएसबी ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. नरकटियागंज स्थित 44वीं वाहिनी एसएसबी ने गश्ती के दौरान नेपाल ले जाई जा रही यूरिया खाद की खेप के साथ एक तस्कर पकड़ा है. इस दौरान दो मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है.44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल नरकटियागंज के एफ समवाय नगरदेही के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया. जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 420/13 से लगभग 100 मीटर भारतीय क्षेत्र के भीतर एसएसबी की पेट्रोलिंग पार्टी गश्त कर रही थी. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर छह बोरी भारतीय यूरिया खाद नेपाल ले जाई जा रही थी. एसएसबी जवानों को देखते ही तस्कर भागने लगे,लेकिन जवानों की तत्परता से एक तस्कर को पकड़ लिया गया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान ओम प्रकाश साह,उम्र 36 वर्ष,पिता रामेश्वर साह,निवासी इनरवा थाना इनवारा,जिला पश्चिम चम्पारण के रूप में हुई है.कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल और छह बोरी यूरिया खाद भी जब्त की गई. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जब्त खाद को नेपाल में बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था,जिससे तस्कर मोटा मुनाफा कमाना चाहते थे.जब्त सामान और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग बेतिया को सौंप दिया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसबी की लगातार कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में तस्करी पर अंकुश लगा है और तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है. सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से अवैध गतिविधियों में कमी देखी जा रही है.नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट--
मोतिहारी: भोपतपुर थाना इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाली नोट के बड़े सौदागर सुलेमान अंसारी और इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, पुलिस ने तकरीबन 1 करोड़ रुपए के जाली नोट, 25 लाख का टॉय नोट के साथ 13 लाख कैश, 38 सोने की बिस्किट, आमर्स बुलेट और गाड़ी बरामद की है.मोतीहारी पुलिस को जानकारी मिली थी की भोपतपूर थाना इलाके में नकली नोट का बड़ा कारोबार चल रहा है. अन्य देशों से नकली नोट की खेप मगाई गई है. वहीं,एसडीपीओ के नेतृत्व में लगभग 5 थाने की पुलिस रात भर रेड की और चार लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने मास्टरमाइंड सुलेमान अंसारी और इम्तियाज को हिरासत में ले लिया है.सदर डीएसपी 2 जितेश पांडे ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह नोट डबिंग और जाली नोट के कारोबार में शामिल लोग ठगी करने का काम करता था. ज्यादा नकली नोट देकर कम पैसा लेने का कारोबार चल रहा था. फिर उस पैसे को पुलिस का वर्दी पहन कर अपने सहयोगियों से छीनतई करवाते थे. पुलिस ने कई वर्दी भी जप्त किया है.
बेतिया: बड़ी खबर पश्चिम चंपारण से हैजहां निगरानी के टीम ने बेतिया अंचल कार्यालय केRTPSकाउंटर के क्लर्क राज कुमार मिश्रा को 15000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है.इस संबध में भुक्तभोगी बालेश्वर कुमार ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से राजकुमार मिश्रा एक ही जगह पर कार्यरत है. मेरे जमीन की जमाबंदी जो लॉक है उसे अनलॉक करने के लिए 15 हजार रुपये मांगा जा रहा था और दबाव बनाया जा रहा था. इसके बाद उन्होंने तंग आकर निगरानी को इसकी सूचना दी और आज निगरानी की टीम ने 15000 रुपए घूस लेते हुए उसे दबोच लिया है.मामले में निगरानी डीएसपी श्यामबाबू प्रसाद ने बताया कि बालेश्वर कुमार ने निगरानी विभाग को क्लर्क राज कुमार मिश्रा के बारे में घूस मांगे जाने की सूचना दी थी. सूचना की सत्यापन के बाद बेतिया में निगरानी विभाग की टीम ने कार्यवाही करते हुए राज कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है जिसे निगरानी की टीम अपने साथ ले गई.बेतिया से दीपक कुमार
बेतिया : जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है. कोर्ट ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा सांसद Dr. Sanjay Jaiswal के खिलाफ कथित रूप से अनर्गल आरोप लगाने के मामले में उन्हें नोटिस भेज कर न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है.मामले की जानकारी देते हुए अधिवक्ता चंद्रिका कुशवाहा ने बताया कि चुनावी सभा के दौरान प्रशांत किशोर ने सांसद डॉ. संजय जायसवाल पर नगर निगम में डीजल चोरी और अपने पेट्रोल पंप को लाभ पहुंचाने के लिए ओवरब्रिज के एलाइनमेंट में बदलाव कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. इन आरोपों को लेकर न्यायालय में वाद दायर किया गया था.अधिवक्ता के अनुसार न्यायालय ने मामले की जांच और उपलब्ध तथ्यों पर विचार करने के बाद प्रशांत किशोर को नोटिस जारी किया है. उन्हें अदालत में उपस्थित होकर अपने आरोपों के समर्थन में जवाब और साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है.चंद्रिका कुशवाहा ने कहा कि यदि प्रशांत किशोर निर्धारित तिथि पर न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं, तो कोर्ट उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है. मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है.बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट-
नरकटियागंज : पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज स्थित एसएसबी की 44वीं वाहिनी परिसर में बिहार पुलिस के 152 प्रशिक्षु जवानों का पासिंग आउट परेड समारोह पूरे शान और गरिमा के साथ संपन्न हुआ. मुजफ्फरपुर और मोतिहारी जिला पुलिस बल के जवानों ने शानदार मार्च पास्ट और विभिन्न सामरिक प्रदर्शनों से सभी का ध्यान आकर्षित किया.सशस्त्र सीमा बल की 44वीं वाहिनी नरकटियागंज परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महा-निरीक्षक निशित कुमार उज्वल शामिल हुए. उन्होंने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षु जवानों के अनुशासन एवं दक्षता की सराहना की.अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा,ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ही पुलिस बल की सबसे बड़ी पहचान है और सभी जवानों को निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए.समारोह में उप महा-निरीक्षक हरिप्रकाश,कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी,सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा तथा बेतिया पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन भी मौजूद रहे.36 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के दौरान जवानों को शारीरिक दक्षता,हथियार संचालन,कानून-व्यवस्था,भीड़ नियंत्रण और आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी गई. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अब ये जवान बिहार पुलिस बल में अपनी सेवाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.कार्यक्रम मेंTattoo Drill, Mass PT, Blind Fold Weapon Handling, Lathi Drill, Rifle Shooting Demonstration, Band ShowऔरDog Squad Drillजैसे रोमांचक प्रदर्शनों ने समारोह को और आकर्षक बना दिया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित भी किया गया.नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट-
हाजीपुर:यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे एवं सांसद सुनील कुमार ने नरकटियागंज स्टेशन पर आयोजित समारोह में गाड़ी संख्या 63373/74 दरभंगा-रक्सौल मेमू सवारी गाड़ी का नरकटियागंज स्टेशन तक तथा गाड़ी संख्या 63313/14 मुजफ्फरपुर-रक्सौल मेमू सवारी गाड़ी का सिकटा स्टेशन तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया. इस अवसर पर सिकटा के विधायक समृद्ध वर्मा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही. मेमू ट्रेनों के इस मार्ग विस्तार से नरकटियागंज,सिकटा एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दरभंगा एवं मुजफ्फरपुर के आसपास के क्षेत्रों हेतु सुगम रेल संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी. इससे दैनिक यात्रियों,छात्रों,व्यवसायियों एवं आम नागरिकों को यात्रा में समय की बचत होगी तथा क्षेत्रीय आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को बेहतर,सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.गाड़ी सं. 63373/74 दरभंगा-रक्सौल मेमू का परिचालन विस्तार नरकटियागंज तक तथा गाड़ी सं. 63313/14 मुजफ्फरपुर-रक्सौल मेमू का परिचालन विस्तार सिकटा तक किया गया है जिसका विवरण निम्नानुसार है -1. गाड़ी सं. 63373/63374 दरभंगा-रक्सौल मेमू पैसेंजर का नरकटियागंज तक परिचालन विस्तार - दिनांक 18.05.2026 से दरभंगा से खुलने वाली गाड़ी सं. 63373 दरभंगा-रक्सौल-नरकटियागंज मेमू दरभंगा अपने निर्धारित समय से 18.45 बजे खुलकर 23.40 बजे रक्सौल पहुंचेगी तथा रक्सौल से 23.55 बजे खुलकर 00.06 बजे भेलवा,00.20 बजे सिकटा,00.30 बजे मर्जदवा,00.40 बजे गोखुला रुकते हुए 01.55 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी. वापसी में दिनांक 19.05.2026 से गाड़ी सं. 63374 नरकटियागंज-रक्सौल-दरभंगा मेमू नरकटियागंज से 02.35 बजे खुलकर 02.50 बजे गोखुला,03.00 बजे मर्जदवा,03.10 बजे सिकटा,03.26 बजे भेलवा रुकते हुए 03.45 बजे रक्सौल पहुंचेगी तथा रक्सौल से 04.00 बजे खुलकर अपने निर्धारित समय एवं ठहराव पर रुकते हुए 08.45 बजे दरभंगा पहुंचेगी. 2. गाड़ी सं. 63313/63314 मुजफ्फरपुर-रक्सौल मेमू पैसेंजर का सिकटा तक परिचालन विस्तार - दिनांक 18.05.2026 से मुजफ्फरपुर से खुलने वाली गाड़ी सं. 63313 मुजफ्फरपुर-रक्सौल-सिकटा मेमू मुजफ्फरपुर अपने निर्धारित समय से 18.40 बजे खुलकर 22.45 बजे रक्सौल पहुंचेगी तथा रक्सौल से 23.00 बजे खुलकर 23.13 बजे भेलवा रुकते हुए 23.55 बजे सिकटा पहुंचेगी. वापसी में दिनांक 19.05.2026 से गाड़ी सं. 63314 सिकटा-रक्सौल-मुजफ्फरपुर मेमू सिकटा से 04.00 बजे खुलकर 04.15 बजे भेलवा रुकते हुए 04.37 बजे रक्सौल पहुंचेगी तथा रक्सौल से 05.00 बजे खुलकर अपने निर्धारित समय एवं ठहराव पर रुकते हुए 09.35 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी.
बेतिया : बड़ी खबर बिहार के बेतिया से है जहां कंगली थानाध्यक्ष के निजी ड्राइवर पर लाखों रुपये वसूली करने का आरोप लगा है. इसका 50 हजार नगद लेने का वीडियो वायरल हुआ है तो वहीं फोन पे पर पैसा लेने का मामला भी उजागर हुआ है. आरोप है कि थानाध्यक्ष का उनका निजी ड्राइवर दलाल है. कंगली थानाध्यक्ष मो.लाडले पर बड़ा आरोप लगा है.थानाध्यक्ष अपने निजी ड्राइवर के द्वारा वसूली कराते हैं. लाखों की उगाही करते हैं. नहीं देने पर झूठे मुकदमे में जेल भेज देते हैं. कंगली थानाध्यक्ष पर निर्मला देवी ने बेतिया एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन एवं डीआईजी हरकिशोर राय को आवेदन दिया है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि थानाध्यक्ष उसके पति प्रमेश कुमार सिलेंडर मामले में गिरफ्तार किया और छोड़ने के लिए चार लाख रिश्वत की मांग की. नहीं देने पर उसे जेल भेज दिया. अगले दिन उनका निजी ड्राइवर निर्मला देवी के पास पहुंचा और डायरी में मदद करने के लिए 90 हजार की मांग की. निर्मला देवी ने थानाध्यक्ष के निजी ड्राइवर को 49 हजार नगद दिया जिसका वीडियो बना लिया 31हजार फिर दूसरे दिन दिया.पति के जेल से छूटने के बाद पत्नी ने बेतिया एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन और डीआईजी हरकिशोर राय को आवेदन दिया है. थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग की है.बेतिया एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन ने बताया है कि पीड़िता के आवेदन की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर थानाध्यक्ष और उनके ड्राइवर पर कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने बताया कि इस मामले में बहुत जल्द कार्रवाई की जाएगी.बेतिया से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट--
बगहा:बिहार में जेडीयू की सद्भाव यात्रा जारी है. यात्रा के दूसरे दिन जेडीयू के सक्रिय नेता निशांत कुमार ने पश्चिम चंपारण में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान निशांत कुमार का भव्य स्वागत हुआ.सद्भाव यात्रा के दूसरे दिन सोमवार सुबह जेडीयू नेता निशांत कुमार ने सबसे पहले वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल में सफारी का आनंद लिया. इस दौरान उन्होंने प्रकृति और वन्य जीवों को करीब से देखा.इसके बाद निशांत कुमार महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.कार्यक्रम के बाद वे माता नारदेवी मंदिर के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने दर्शन और पूजा-अर्चना की. इसके बाद वे सड़क मार्ग से बेतिया के लिए प्रस्थान कर गए.बेतिया पहुंचकर निशांत कुमार में जेडीयू के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और संगठन को लेकर चर्चा करेंगे.सद्भाव यात्रा के जरिए जेडीयू संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने की कोशिश कर रही है. आने वाले दिनों में यह यात्रा और भी जिलों में जारी रहेगी.
वैशाली:जेडीयू के सक्रिय नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटेनिशांत कुमार की सद्भाव यात्रा का काफिला हाजीपुर पहुंचा. जहां कार्यकर्ताओं एवं आमजनता ने गर्मजोशी के साथ उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान अनोखे अंदाज में जेसीबी से निशांत पर फूल बरसाए गए. सद्भाव यात्रा के दौरान निशांत कुमार ने जनता दल (यूनाइटेड) का झंडा लहराकर कार्यकर्ताओं एवं आम जनता का अभिवादन स्वीकार किया.सद्भाव यात्रा के दौरान उमड़े विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया.उन्होंने कहा कि जनता का यह अपार प्रेम और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बनाए रखने की अपेक्षा जताई, ताकि सद्भाव और विकास की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहे.
बेतिया: जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान30मामलों की सुनवाई की गई. इनमें भूमि विवाद,राजस्व संबंधी मुद्दे,सामाजिक सुरक्षा पेंशन,प्रधानमंत्री आवास योजना,बिजली आपूर्ति,पेयजल व्यवस्था,सड़क निर्माण व मरम्मत तथा राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं. कई मामलों में जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से मौके पर ही समाधान कर दिया गया,जिससे लोगों को तत्काल राहत मिली.जनसुनवाई में शाहिम मियां,कलावती देवी,मीना देवी,नितेश कुमार मिश्र,तबरेज आलम,जहांगीर अंसारी,मंजू देवी सहित अन्य आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं.यह कार्यक्रम सात निश्चय-3के तहत चलाए जा रहे सबका सम्मान-जीवन आसान अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया. जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखी.बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट-
बेतिया: नगर के निजी क्लिनिक में शनिवार को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमैन की 271 वीं जयंती मनाई गई. इस मौके पर होम्योपैथी चिकित्सकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.कार्यक्रम में डॉ.संजय कुमार ने कहा कि डॉ. हैनीमैन ने विश्व को एक सुरक्षित,सस्ती और प्रभावी चिकित्सा पद्धति दी,जिससे आज लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं. वहीं डॉ. घनश्याम ने कहा कि होमियोपैथी केवल बीमारी के लक्षणों का उपचार नहीं करती,बल्कि रोग के मूल कारण को समझकर इलाज करती है. यही वजह है कि यह पद्धति आज भी विश्वभर में लोकप्रिय बनी हुई है. इस दौरान होमियोपैथिक चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार और इसके प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के अंत में सभी ने डॉ. हैनीमैन के बताए मार्ग पर चलने और होम्योपैथी को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.कार्यक्रम में डॉ.संतोष कुमार,डॉ.सत्यम कुमार,डॉ.चंदन कुमार,डॉ.ओमप्रकाश,डॉ.के.के.प्रसाद,डॉ.संतोष कुमार शर्मा,डॉ.एन. शर्मा,डॉ.विपिन कुमार,डॉ.अक्षय प्रकाश,डॉ.प्रिंस कुमार,डब्लूएसआई के धीरज कुमार सहित दर्जनों चिकित्सक उपस्थित रहे.बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट--