बेतिया: बैरिया प्रखंड में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान उस समय हंगामा मच गया,जब बाढ़ पीड़ितों ने राहत व्यवस्था को लेकर अपना आक्रोश खुलकर जाहिर किया। मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। इसके बाद वे पीएम श्री राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय बथना में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

सीएम सम्राट चौधरी के सामने सांसद-विधायक पर लगाए गंभीर आरोप,जमकर की नारेबाजी

मुख्यमंत्री के सामने ही कुछ बाढ़ पीड़ितों ने स्थानीय सांसद और विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें घेरने की कोशिश की।हालात बिगड़ते देख मुख्यमंत्री कुछ देर रुकने के बाद वहां से रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री के जाने के बाद बाढ़ पीड़ितों का आक्रोश और बढ़ गया। स्थिति ऐसी बन गई कि सांसद डॉ.संजय जायसवाल और नरकटियागंज विधायक को सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसर में रुकना पड़ा।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सांसद को उनकी गाड़ी तक पहुंचाया और वहां से निकालने का प्रयास किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सांसद की गाड़ी पर गोबर फेंक दिया और गाड़ी पर हाथ भी मारा गया।

कड़ी सुरक्षा के बीच सांसद को किसी तरह वहां से निकाला गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान बाढ़ पीड़ितों का आक्रोश साफ नजर आया। सवाल यह है कि आखिर राहत व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों को लेकर लोगों में इतना गुस्सा क्यों है?