पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणास्रोत, उनकी मां सायरा मुंडा अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 93 वर्ष की उम्र में उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सायरा मुंडा केवल एक मां ही नहीं थीं, बल्कि संघर्ष, सादगी, स्वाभिमान और वात्सल्य की जीवंत प्रतिमूर्ति थीं। उनके व्यक्तित्व और संस्कारों की गहरी छाप अर्जुन मुंडा के जीवन और सफर में हमेशा दिखाई देती रही।अर्जुन मुंडा की दिनचर्या में मां का एक बेहद खास स्थान था। वे देश-दुनिया में कहीं भी रहें, सुबह स्नान के बाद पूजा करने से पहले मां को फोन कर उनका हालचाल जरूर लेते थे। मां का आशीर्वाद उनके लिए पूरे दिन की ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत होता था। पर्व-त्योहारों पर उनसे आशीर्वाद लेना और उनसे पारंपरिक गीत सुनने की फरमाइश करना भी उनकी आत्मीय दिनचर्या का हिस्सा रहा।

मां-बेटे के इस गहराते रिश्ते की झलक कई बार सार्वजनिक रूप से भी देखने को मिली। कुछ समय पहले सामने आया एक भावुक वीडियो आज भी लोगों के जहन में ताज़ा है, जिसमें अर्जुन मुंडा अपनी बीमार मां के बिस्तर के पास बैठकर बांसुरी बजा रहे थे—और धुन खत्म होने के बाद मां ने कांपते हाथों से उनके सिर पर आशीर्वाद रखा था। वहीं, उनके 90वें जन्मदिन पर साझा किए गए वीडियो में, अस्वस्थता के बावजूद सायरा मुंडा करमा पर्व और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े पारंपरिक गीत गुनगुनाती नजर आई थीं।बेटे-बेटियों और नाती-पोतों से भरे परिवार में सायरा मुंडा सभी के लिए स्नेह और मार्गदर्शन का केंद्र थीं। उनके जाने से परिवार ने अपनी मुखिया और अर्जुन मुंडा ने अपनी सबसे बड़ी प्रेरणाशक्ति खो दी है, लेकिन मां की ममता और उनके संस्कार हमेशा जीवित रहेंगे।