झारखंड में सरकारी नियुक्तियों में हो रही देरी और JPSC-JSSC की परीक्षा प्रणाली में सुधार न होने से प्रतियोगी छात्रों का गुस्सा अब सड़कों पर उतरने लगा है। रविवार को हजारीबाग के गांधी मैदान में JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की ओर से उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय छात्र महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें अलग-अलग जिलों से सैकड़ों छात्र जुटे।महापंचायत में पहुंचे छात्रों ने रांची में हुए पिछले आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से किए गए वादों के पूरे न होने पर गहरी नाराजगी जताई। इस दौरान मैदान में "अब नहीं तो कब, हम नहीं तो कौन" के नारे भी गूंजे। छात्रों का कहना है कि सालों के इंतजार के बावजूद भर्ती प्रक्रियाएं अटकी हुई हैं, जिससे उनका भविष्य अधर में लटका है।
महापंचायत में एसआई, जिला पुलिस, बीईओ, सहायक आचार्य, टीजीटी-पीजीटी, एलडीसी और विभिन्न तकनीकी पदों की लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को तुरंत पूरा करने की मांग की गई। साथ ही खाली पदों पर नए विज्ञापन निकालने और एक समयबद्ध नियुक्ति कैलेंडर जारी करने पर जोर दिया गया। छात्रों ने सरकार और आयोग के सामने छह सूत्री मांगें रखीं—जिनमें स्पष्ट नियोजन नीति लागू करना, परीक्षाओं में पारदर्शिता लाना, आयु सीमा में छूट देना, कथित पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच कराना और रुकी हुई छात्रवृत्ति का भुगतान शामिल है।
मंच के प्रवक्ता रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने साफ चेतावनी दी कि यदि सरकार और आयोग ने जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो पूरे राज्य में "उलगुलान 2.0" आंदोलन शुरू किया जाएगा। महापंचायत की अध्यक्षता रविंद्र पासवान और पीयूष कुमार ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन जीवन यादव और विपिन कुमार ने किया। अब देखना यह है कि छात्रों की इस चेतावनी के बाद सरकार और आयोग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
