सड़कें विकास की रफ़्तार तय करती हैं, लेकिन जब वही सड़क स्थानीय लोगों की पहुंच से बाहर हो जाए, तो विकास अधूरा हो जाता है। कुछ ऐसा ही हाल इन दिनों गुमला के नदीटोली क्षेत्र में देखने को मिल रहा है जहां भारतमाला परियोजना के तहत बाइपास सड़क का निर्माण तो तेज़ी से हो रहा है, लेकिन इस पर चढ़ने और उतरने के लिए 'रैंप' यानी अप्रोच मार्ग न बनाए जाने से इलाके के करीब 40 गांवों के सामने एक बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है।
दरअसल, गुमला जाने वाले मुख्य मार्ग पर नदीटोली के पास भारतमाला बाइपास सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां सड़क के नीचे से गुज़रने के लिए अंडरपास तो बनाया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए बाइपास पर चढ़ने और उतरने की कोई व्यवस्था यानी रैंप नहीं दिया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि अगर यहां रैंप का निर्माण नहीं हुआ, तो आसपास की कई पंचायतों के लगभग 40 गांवों के लोगों को इस नई सड़क का कोई सीधा लाभ नहीं मिल पाएगा। बाइपास पकड़ने के लिए उन्हें हर बार करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।
इस 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ेगा। अब किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में ज़्यादा समय और भाड़ा खर्च करना पड़ेगा।साथ ही विद्यार्थी जिन्हें रोज़ाना स्कूल और कॉलेज पहुंचने में देरी और परेशानी होगी।
आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने के लिए एक-एक मिनट कीमती होता है, ऐसे में लंबा चक्कर उनकी जान पर भारी पड़ सकता है।इसी समस्या को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI, गुमला के परियोजना निदेशक को एक लिखित आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नदीटोली के पास रैंप इंटरचेंज निर्माण की तकनीकी संभावनाओं की जांच की जाए और जल्द से जल्द इस पर सकारात्मक कार्रवाई हो।"
