
सोमवार, 14 सितंबर 2026
Liveबोधगया: विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला महासंगम 2026 को लेकर नगर परिषद बोधगया की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई है.इसी कड़ी में बोधगया के निगमा मॉनेस्ट्री के आसपास सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण पर नगर परिषद की ओर से बुलडोजर चलाया गया.अतिक्रमण हटाकर श्रद्धालुओं के आने-जाने का रास्ता साफ कराया गया.दरअसल,पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में पिंडदानी गया पहुंचते हैं.श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गया जिले में 44 आवासन स्थल बनाए गए हैं.इनमें बोधगया के निगमा मॉनेस्ट्री में करीब 2400 तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है.ऐसे में मॉनेस्ट्री के आसपास अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो,इसे लेकर नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू की है.नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया और इलाके को अतिक्रमणमुक्त कराया.प्रशासन का कहना है कि पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट --
गया जी : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के गयाजी से आ रही है जहां बैंक लोन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को गया के रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड (RHRL) से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है. गया और बोधगया में एक साथ हुई कार्रवाई के दौरान कंपनी के निदेशक अखौरी गोपाल और उनके बेटों निशांत व नितेश से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली गई है.ईडी की यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA)के तहत की जा रही है. बताया जा रहा है कि जांच सीबीआई की एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर आगे बढ़ी है. जांच एजेंसी के अनुसार मामले में कथित अपराध से जुड़ी राशि करीब 131.79 करोड़ रुपये है.ईडी के मुताबिक,रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के नेतृत्व वाले बैंकों के समूह से करीब 85 करोड़ रुपये का लोन मिला था. आरोप है कि इसमें से करीब 58 करोड़ रुपये तय उद्देश्य से हटाकर दूसरी जगह इस्तेमाल किए गए.जांच एजेंसी फर्जी प्रोजेक्ट कंप्लीशन रिपोर्ट के जरिए लोन लेने और लोन की राशि के लेन-देन की भी पड़ताल कर रही है. इसके अलावा गिरवी रखी गई पांच संपत्तियों को कथित तौर पर बेचने और कम कीमत पर बिक्री के आरोपों की जांच हो रही है.वहीं बोधगया के अमरबीघा में भी ईडी की कार्रवाई जारी है. सूत्रों के अनुसार वहां मिथिलेश राय के घर पर भी सुबह से छापेमारी चल रही है. हालांकि,इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है.गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--
बोधगया: बिहार के बोधगया में सनातन और बौद्ध धर्म की आस्था का एक अनोखा संगम देखने को मिला. बोधगया मठ में ताइवान और थाईलैंड से पहुंचे विदेशी तीर्थयात्रियों ने अपने पितरों की आत्मा की शांति और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर विशेष पूजा-अर्चना की.इस दौरान करीब 3000 दीप जलाकर विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया गया. पूजा में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार भी शामिल हुए और विदेशी श्रद्धालुओं के साथ इस विशेष आयोजन का हिस्सा बने.इस धार्मिक आयोजन में ताइवान के 14 और थाईलैंड के 2 श्रद्धालु शामिल हुए. वहीं पूजा-अर्चना में 108 बौद्ध भिक्षुओं,थाईलैंड के मोंक,ऋषिकेश से पहुंचे 33 ब्राह्मणों और बोधगया मठ के संत-साधुओं ने विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया.2022 में शुरू हुई आस्था की कहानीबिहार पर्यटन विभाग के गाइड बाल गंगाधर के मुताबिक,वर्ष 2022 में ताइवान से दो पर्यटक बोधगया आए थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात उनसे हुई. दोनों बौद्ध धर्म को मानने वाले थे. बाल गंगाधर उन्हें बोधगया मठ लेकर पहुंचे,जहां उन्होंने पहली बार सनातन परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना देखी और इसमें शामिल हुए.उनका कहना है कि विदेशी श्रद्धालुओं को सनातन धर्म की पूजा-पद्धति काफी पसंद आई. इसके बाद वे अपने देश वापस लौटे और उन्होंने बताया कि उनकी व्यक्तिगत और कारोबारी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आया. इसके बाद से वे साल में दो बार बोधगया आकर बौद्ध और सनातन दोनों परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना करते हैं.ताइवान तक पहुंची बोधगया की सनातन आस्थागाईड के अनुसार,शुरुआत में केवल दो विदेशी श्रद्धालु आए थे,लेकिन अब उनकी संख्या बढ़कर 16 तीर्थयात्रियों तक पहुंच गई है. ये श्रद्धालु ताइवान में भी सनातन धर्म और इसकी पूजा-पद्धति के बारे में लोगों को बता रहे हैं.बोधगया मठ में हुआ यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं,बल्कि सनातन और बौद्ध परंपराओं के बीच आस्था और सांस्कृतिक जुड़ाव की एक अनोखी तस्वीर भी पेश करता नजर आया. एक ओर बौद्ध भिक्षु और थाईलैंड के मोंक मंत्रोच्चार करते दिखे,तो दूसरी ओर ऋषिकेश के ब्राह्मण और बोधगया मठ के संत-साधु सनातन परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना में जुटे रहे.3000 दीपों की रोशनी में विदेशी श्रद्धालुओं की आस्था,बोधगया की धरती पर सनातन और बौद्ध परंपरा का यह संगम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा.“दो विदेशी श्रद्धालुओं से शुरू हुई आस्था की कहानी,अब 16 विदेशी पहुंचे बोधगया मठ—3000 दीपों के बीच सनातन और बौद्ध परंपरा का अद्भुत संगम.”बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
बोधगया : आगामी पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर बोधगया में 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महाबोधि मंदिर और कालचक्र मैदान के आसपास बिना पास वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी.बड़े और मालवाहक वाहनों के लिए कई मार्गों पर नो-एंट्री लागू की जाएगी,जबकि छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा. वर्मा मोड़,एम्बेसी मोड़,पच्छहट्टी मोड़ समेत प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे.श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए नोड-01,मगध विश्वविद्यालय,चिल्ड्रेन पार्क,नोड-02 और धर्मारण्य के पास निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. प्रशासन ने लोगों से सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट -
बोधगया: आगामी पितृपक्ष मेला25सितंबर से शुरू होने को लेकर बोधगया नगर परिषद ने तैयारियां तेज कर दी है. पितृपक्ष मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो और शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो,इसके लिए सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है.नगर परिषद बोधगया के सिटी मैनेजर सह नोडल अधिकारी प्रिय रंजन ने बताया कि सोमवार को बीटीएमसी सभागार में जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में पितृपक्ष मेले की तैयारियों को लेकर बैठक हुई थी. बैठक में डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया था कि दोमुहान से महाबोधि मंदिर तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए फुटपाथ और दुकानों के अतिक्रमण को जल्द हटाया जाए.डीएम के निर्देश के बाद मंगलवार को नगर परिषद बोधगया की टीम ने महाबोधि संस्कृति केंद्र से माया सरोवर तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. इस दौरान सड़क किनारे अवैध तरीके से लगाए गए फुटपाथ और दुकानों को हटाया गया.नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार,पितृपक्ष मेले तक अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो और बोधगया की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--
बोधगया: आगामी पितृपक्ष मेला2026को लेकर गया जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है.25सितंबर से10अक्टूबर तक आयोजित होने वाले पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गया पहुंचने की संभावना है. श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और मेला क्षेत्र में सुचारू व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.इसी कड़ी में गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बोधगया स्थित धर्मारण्य, मंतगवापि और सरस्वती वेदी स्थलों का निरीक्षण किया. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.निरीक्षण से पहले डीएम ने बीटीएमसी सभागार में अधिकारियों, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में पितृपक्ष मेले के दौरान आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि पितृपक्ष मेला प्रशासन की प्राथमिकता में है. श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था, नो-पार्किंग जोन, अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं.प्रशासन का प्रयास है कि पितृपक्ष मेले के दौरान गया पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन के साथ सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट -
बोधगया: केंद्रीय मंत्री औरNDAके वरिष्ठ नेता जीतन राम मांझी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के हित मेंNDAसरकार सबसे ज्यादा संवेदनशील है. कशिश न्यूज से खास बातचीत में मांझी ने विपक्ष के राजभवन मार्च को सिर्फ दिखावा बताया है.जीतन राम मांझी ने कहा कि छात्र आंदोलन का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बिहार सरकार तक छात्र हित में लगातार काम कर रही है. अगर विपक्ष के पास कोई मुद्दा है तो उसे विधानसभा में उठाना चाहिए.एक बार फिर शराबबंदी के मुद्दे पर मांझी ने कहा कि नीति अच्छी है,लेकिन इसके क्रियान्वयन में सुधार की जरूरत है. "नीतीश कुमार ने शराबबंदी की तीसरी समीक्षा कराई थी. उसमें तय हुआ था कि अगर कोई 1 लीटर तक शराब लेकर घर जा रहा है या पीकर घर जा रहा है तो उसे जेल नहीं भेजा जाएगा. इससे बड़ा सुधार क्या होगा?"उन्होंने बिहार में गुजरात मॉडल की शराबबंदी लागू करने का सुझाव दिया. "महात्मा गांधी गुजरात में पैदा हुए. वहीं सबसे पहले शराबबंदी लागू हुई और वहां सफ़लतापूर्वक शराब चालू है."मांझी ने आरोप लगाया कि शराबबंदी के नाम पर गरीबों को परेशान किया जाता है,जबकि बड़े लोग बच निकलते हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष जब सत्ता में था,तब उसने छात्रों के लिए क्या किया,इसका जवाब भी उसे देना चाहिए.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
बोधगया: बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन सोमवार को बोधगया पहुंचे. राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं.राज्यपाल महाबोधि सांस्कृतिक केन्द्र,बोधगया में बिपार्ड की ओर से आयोजित फाउंडेशन-कम-इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने पहुंचे हैं.राज्यपाल के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के इलाकों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. वहीं,यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं.खास बात यह रही कि भारी बारिश के बीच भी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आए और सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे. कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी बनी हुई है.राज्यपाल के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से लेकर कार्यक्रम की समाप्ति और उनके प्रस्थान तक सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो,इसके लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट-
गया जी : शहर के मानपुर स्थित भूसंडा मैदान से गहलौर घाटी तक पर्वत पुरुष बाबा दशरथ मांझी के 19वें महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर बाइक रैली का आयोजन किया गया. बाइक रैली का उद्घाटन बिहार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने किया. रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और गहलौर घाटी पहुंचकर बाबा दशरथ मांझी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.इस अवसर पर मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि बाबा दशरथ मांझी किसी एक समाज के नहीं,बल्कि पूरे देश के प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कहा कि बाबा के जीवन से साहस,धैर्य और संघर्ष की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने पहाड़ काटकर जिस तरह रास्ता बनाया,वह अदम्य इच्छाशक्ति और कर्मयोग का उदाहरण है.डॉ. सुमन ने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को बाबा दशरथ मांझी के संघर्ष से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए. चुनौतियां और कठिनाइयां जीवन में आती रहेंगी,लेकिन संघर्ष करते हुए अपना रास्ता बनाने की सीख बाबा के जीवन से मिलती है.भारत रत्न की मांग पर मंत्री ने कहा कि बाबा दशरथ मांझी को भारत रत्न दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री,राष्ट्रपति और केंद्र सरकार के स्तर पर इस मांग को उठाया गया है. उन्होंने कहा कि बाबा को भारत रत्न मिलने से न केवल उनके योगदान का सम्मान होगा,बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.लखीसराय के अशोक धाम में हुई भगदड़ की घटना पर डॉ. संतोष कुमार सुमन ने दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि जहां भी बड़ी संख्या में भीड़ जुटती है,वहां प्रशासन और श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए,ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.वहीं हम पार्टी के नेता एवं सांसद प्रतिनिधि नंदलाल मांझी ने कहा कि बाबा दशरथ मांझी को श्रद्धांजलि देने के लिए बाइक रैली निकाली गई है. उन्होंने केंद्र सरकार से बाबा दशरथ मांझी को भारत रत्न देने की मांग की. उन्होंने कहा कि मुसहर परिवार में जन्मे बाबा दशरथ मांझी ने अपने जीवन के करीब 22 वर्ष पहाड़ काटकर रास्ता बनाने में लगा दिए और वजीरगंज की दूरी को करीब 55 किलोमीटर से घटाकर 15 किलोमीटर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.नंदलाल मांझी ने कहा कि बाबा दशरथ मांझी के योगदान को देखते हुए उन्हें अब तक वह सम्मान और प्रतिष्ठा नहीं मिल पाई है,जिसके वे हकदार हैं. उन्होंने बताया कि पार्टी के नेताओं ने प्रधानमंत्री,गृह मंत्री,केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रपति से मुलाकात कर भारत रत्न देने की मांग रखी है.गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--
बोधगया: जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में9वर्षीय बच्चे के लापता होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बोधगया-मोहनपुर मुख्य सड़क शिलौंजा गाँव में करीब दो घंटे तक जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चे भी काफी देर तक जाम में फंसे रहे.बताया जा रहा है कि बतसपुर गांव निवासी अनिकेत कुमार, उम्र करीब9वर्ष, शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे साइकिल लेकर घर से निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजन और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई.शनिवार को ग्रामीणों ने बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर बोधगया-मोहनपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. इसकी सूचना मिलते ही बोधगया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया.बोधगया थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना शुक्रवार रात ही पुलिस को मिली थी. पुलिस ने बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी. हालांकि, बच्चे के परिजनों की ओर से थाने में अब तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है और ग्रामीणों ने अचानक सड़क जाम कर दिया.पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को साइकिल से जाते हुए देखा गया है. फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बच्चे की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है.फिलहाल बच्चे के लापता होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से बच्चे का सुराग तलाशने में जुटी है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट -
बोधगया: बिहार के बोधगया में80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. इस मौके पर एक ऐसी तस्वीर सामने आई,जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. यह तस्वीर बोधगया स्थित ट्रगर मोनेस्ट्री की है,जहां बाल लामाओं ने हाथों में तिरंगा थामकर और भारत माता की जय’के नारे लगाते हुए स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया.ट्रगर मोनेस्ट्री में भारत के साथ-साथ तिब्बत और अन्य देशों से आए बाल लामा रहते हैं. भगवान बुद्ध के संदेश और बौद्ध संस्कृति से जुड़े इन बाल लामाओं ने भारतीय तिरंगे के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाकर भारत के प्रति सम्मान,प्रेम और भाईचारे का खूबसूरत संदेश दिया.हाथों में तिरंगा थामे बाल लामाओं की यह तस्वीर बोधगया की धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता के साथ-साथ भारत की एकता और आपसी सौहार्द की भी मिसाल पेश करती नजर आई.जब अलग-अलग देशों से आए बाल लामाओं ने भारत की आजादी का जश्न तिरंगे के साथ मनाया,तो यह खूबसूरत दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--
बोधगया: बिहार के बोधगया में स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत और वियतनाम के बीच दोस्ती और सांस्कृतिक संबंधों की अनूठी तस्वीर देखने को मिली. वियतनाम के40सदस्यीय दल की ओर से श्रीलंका मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह में5देशों के बौद्ध भिक्षु,भंते शामिल हुए.कार्यक्रम की शुरुआत भारत और वियतनाम के राष्ट्रगान के साथ हुई. इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज भी फहराए गए. बौद्ध धर्म की धरती बोधगया से दोनों देशों के बीच शांति,भाईचारे और मैत्री का संदेश दिया गया.कार्यक्रम में भारत के अलावा वियतनाम,बांग्लादेश,म्यांमार,थाईलैंड और श्रीलंका के बौद्ध भिक्षु एवं भंते शामिल हुए. दो दिनों तक चले कार्यक्रम में भगवान बुद्ध के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता करने पर जोर दिया गया.वियतनाम से आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि भारत और वियतनाम के रिश्ते लंबे समय से बौद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े रहे हैं. दोनों देशों के बीच मित्रता और मजबूत हो,इसी उद्देश्य को लेकर बोधगया में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम के दौरान बौद्ध धर्म के संदेश,मानव सेवा और विश्व शांति पर विशेष जोर दिया गया. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत और वियतनाम के झंडे एक साथ नजर आए,जिसने पूरे कार्यक्रम को खास बना दिया.बोधगया की धरती से आयोजित यह कार्यक्रम न केवल बौद्ध संस्कृति और मानव सेवा का संदेश दे गया,बल्कि भारत और वियतनाम के बीच मजबूत होते मैत्री संबंधों की भी तस्वीर पेश करता नजर आया.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट -
बोधगया: स्वतंत्रता दिवस को लेकर बोधगया स्थित विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया है. मंदिर और आसपास के इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है.महाबोधि मंदिर की सुरक्षा में 300 से अधिक बीएमपी और बिहार पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं. मंदिर में आने-जाने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है.मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए लगाए गए दो स्कैनिंग गेट पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की जांच की जा रही है. इसके अलावा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है,ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं और महाबोधि मंदिर आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
बोधगया: जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के दुमुहान स्थित आईएएस कॉलोनी में चोरों ने किराये के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपये के सोने के जेवरात और55हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया. चोर घर की खिड़की की लोहे की ग्रिल उखाड़कर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.घटना की सूचना राजीव रंजन कुमार को उस समय चला,जब वे सोकर उठे. बगल के कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और खिड़की की ग्रिल उखड़ी हुई थी. कमरे की जांच करने पर55हजार रुपये नकद के साथ सोने की कान की बाली,सिकड़ी और अंगूठी गायब मिली.पीड़ित राजीव रंजन कुमार ने बताया कि वे पिछले करीब12वर्षों से आईएएस कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे हैं. घटना के बाद उन्होंने बोधगया थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.वहीं,घर में लगेCCTVकैमरे की फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद हुई है. फुटेज के अनुसार रात करीब2बजकर16मिनट पर पांच लोग मकान की पूरब दिशा से चारदीवारी फांदकर परिसर में दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद बदमाश खिड़की के रास्ते घर के अंदर प्रवेश करते हैं.पीड़ित ने पुलिस सेCCTVफुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और चोरी गए रुपये व जेवरात बरामद करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
बोधगया: हर घर तिरंगा अभियान के तहत बोधगया में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. तिरंगा यात्रा बोधगया प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर ऐतिहासिक महाबोधि मंदिर तक पहुंची. यात्रा में एडीएम एमडी शफीक और बोधगया प्रखंड के बीडीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिकारी,कर्मचारी,स्कूली बच्चे और जनप्रतिनिधि शामिल हुए.तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज नजर आया. भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा. यात्रा के दौरान लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला.एडीएम एमडी शफीक और बीडीओ अजीत कुमार ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत यह यात्रा बोधगया प्रखंड कार्यालय से महाबोधि मंदिर तक निकाली गई है. इसका मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना,आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता का संदेश देना है.तिरंगा यात्रा में प्रखंड कार्यालय के सभी पदाधिकारी और कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट-
गया जी : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, संतोष ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाला. तिरंगा यात्रा नूतन नगर कालीबाड़ी मोहल्ला से होकर शहीद भगत सिंह चौक तक पहुंचा. जहां शहीद भगत सिंह के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया.इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा तिरंगा केवल तीन रंगों से बना एक ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है. हमारे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में आयोजित तिरंगा यात्रा देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है. इस यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और समर्पण की भावना को मजबूत करना है. तिरंगे के तीन रंग हमारे राष्ट्रीय जीवन के महत्वपूर्ण आदर्शों को दर्शाते हैं. केसरिया रंग साहस और त्याग, सफेद रंग शांति और सत्य तथा हरा रंग समृद्धि और हरियाली का प्रतीक है.तिरंगा यात्रा हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाती है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. यह यात्रा विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने का कार्य करती है.गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
गया जी : लोक जनशक्ति पार्टी (रा) के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक सोमवार को गया में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सलीम साहिल ने की. इस दौरान संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.बैठक में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नवनियुक्त गया जिलाध्यक्ष के रूप में शाकिब रजा को जिम्मेदारी सौंपी गई. प्रदेश अध्यक्ष सलीम साहिल ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शाकिब रजा ने संगठन की गतिविधियों को तेज करने तथा प्रकोष्ठ को पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया.वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सलीम साहिल ने कहा कि 20 मई से बिहार में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहना होगा.सलीम साहिल ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान लगातार अल्पसंख्यक समाज के हितों की बात करते रहे हैं. संगठन के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के लोगों को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मजबूत संगठन केवल पदाधिकारियों के प्रयास से नहीं बनता,बल्कि कार्यकर्ताओं की जमीनी सक्रियता और आपसी समन्वय से संगठन को मजबूती मिलती है. आगामी दिनों में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की गतिविधियों को और तेज करते हुए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर काम किया जाएगा.बैठक में पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन के विस्तार,कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई.इस मौके पर हक्कानी खान,यासीन अंसारी,मुमताज शेख,खुर्शीद अख्तर,मोहम्मद मुजाहिद,मुजफ्फर इमाम,सद्दाम हुसैन,जाहिद खान,मिराज खान,रमशा खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
गया जी: पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत की खुशी में गया में जन सुराज पार्टी की जिला इकाई की ओर से भव्य विजय जुलूस निकाला गया. जुलूस की शुरुआत शक्तिपीठ मां मंगला गौरी मंदिर से हुई,जो आजाद पार्क तक पहुंची. पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने डीजे,गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया.जुलूस का नेतृत्व जन सुराज गया जिलाध्यक्ष रवि रंजन ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा राहगीरों,टोटो चालकों,रिक्शा चालकों और दुकानदारों के बीच भी मिठाइयां बांटी.जिलाध्यक्ष रवि रंजन ने बताया कि मतदान से तीन-चार दिन पहले उन्होंने मां मंगला गौरी मंदिर में पूजा-अर्चना और हवन कर पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत की कामना की थी. उन्होंने संकल्प लिया था कि जीत मिलने पर मां मंगला गौरी मंदिर से विशाल विजय जुलूस निकाला जाएगा. उसी संकल्प को पूरा करते हुए आज यह जुलूस आयोजित किया गया.वहीं जन सुराज के जिला प्रवक्ता अमित कार्तिके ने कहा कि इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से पार्टी को नई ताकत मिली है और अब सड़क पर उठने वाली जनता की समस्याओं को विधानसभा के पटल तक पहुंचाने का काम किया जाएगा. पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है.गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
गया जी : जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म, अपहरण एवं SC/ST एक्ट से जुड़े मामले में गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.मामले में ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता द्वारा आवेदन देकर आरोप लगाया गया था कि उनकी नाबालिग पुत्री का आशीष कुमार ने अपहरण कर शेरघाटी के एक होटल में दुष्कर्म किया. दो दिन बाद घर छोड़ने के दौरान आरोपी ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी.इस संबंध में इमामगंज थाना कांड संख्या265/26दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई,जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,इमामगंज थाना पुलिस एवं तकनीकी शाखा के अधिकारियों को शामिल किया गया. तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने ग्राम पकड़ी गुड़िया में छापेमारी कर आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक अनुसंधान तेजी से पूरा कर शीघ्र आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा,ताकि त्वरित सुनवाई के माध्यम से दोषी को कड़ी सजा दिलाई जा सके.गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-