पटना:बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। राज्य में अब तक 15,680 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द किए जा चुके हैं। यदि ऐसे लोग प्रतिबंधित लाइसेंस के बावजूद वाहन चलाते पकड़े जाते हैं, तो उनकी गाड़ी जब्त की जाएगी। गुरुवार को विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में परिवहन विभाग को पुलिस की ओर से प्राप्त लाइसेंस निलंबन संबंधी अनुशंसाओं पर 15 दिनों के भीतर नियमानुसार कार्रवाई करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा गया।

सड़क सुरक्षा के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं

पथ निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में 5,124 जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण और दोबारा पेंटिंग का काम पूरा हो चुका है। 161 स्थानों पर काम जारी है, जबकि 1,060 स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग प्रस्तावित हैं। वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 474 व्हीकल अंडरपास बनाए जा चुके हैं। 219 निर्माणाधीन और 11 प्रस्तावित हैं। वहीं, 170 पैदल यात्री अंडरपास पूरे हो चुके हैं।

29 जिलों में लगेंगे CCTV कैमरे

राज्य के 29 जिलों में 307 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक लाइट लगाने के लिए जगह चिह्नित की गई है। राष्ट्रीय राजमार्गों की निगरानी के लिए 58 हाईवे पेट्रोल वाहन भी तैनात किए गए हैं। सरकार सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण पर भी जोर दे रही है। अब तक 7,985 वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। स्कूली बसों की सुरक्षा, बच्चों की बैठने की क्षमता और दुर्घटना पीड़ितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट