पटना:बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। ओडिशा कैडर के 1997 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय कुमार सिंह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रधान सचिव बनाए जा सकते हैं। इसको लेकर राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार से अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया गया है। यदि प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो जाती है, तो संजय कुमार सिंह एक बार फिर बिहार में अपनी सेवाएं देंगे।
ओडिशा सरकार में प्रधान सचिव के पद पर हैं तैनात
संजय कुमार सिंह फिलहाल ओडिशा सरकार में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले हैं। इससे पहले भी वे अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति पर बिहार में काम कर चुके हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान उन्होंने लगभग सात वर्षों तक बिहार में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं।
पटना और गया के डीएम रह चुके हैं संजय
संजय कुमार सिंह बिहार में पटना और गया के जिलाधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। प्रशासनिक अनुभव और मुख्यमंत्री कार्यालय में काम करने के अनुभव के कारण उनकी संभावित वापसी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
केंद्र से प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने उनकी अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति के संबंध में ओडिशा सरकार से संपर्क किया है। ओडिशा सरकार की सहमति के बाद अब उनकी विजिलेंस रिपोर्ट मंगाई गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने और रिपोर्ट मिलने के बाद उन्हें बिहार के लिए विरमित किया जा सकता है।
संजय कुमार सिंह के एक सप्ताह के भीतर बिहार लौटने की संभावना जताई गई है। हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रधान सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति को लेकर अभी आधिकारिक आदेश जारी होने की पुष्टि नहीं हुई है। उनकी वापसी और संभावित नियुक्ति पर प्रशासनिक तथा राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

