छठ महापर्व से पहले रांची के चार प्रमुख घाटों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
अरगोड़ा,बटन तालाब,स्वर्णरेखा नदी घाट और तिरिल तालाब पहुंचे सुशांत गौरव;घाटों पर चलेगा विशेष डॉग रेस्क्यू ऑपरेशन,अवैध बुकिंग करने वालों पर होगी कार्रवाईरांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी छठ घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के वरीय अधिकारियों के साथ शहर के चार प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अरगोड़ा तालाब, बटन तालाब (डोरंडा), स्वर्णरेखा नदी घाट (नामकुम) और तिरिल तालाब (कोकर) की तैयारियों का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने साफ-सफाई, जल की गुणवत्ता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण और आवश्यक सिविल कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देशनगर आयुक्त ने सभी प्रमुख छठ घाटों पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने और विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व से पहले घाटों की स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। इसके साथ ही सभी घाटों पर आवश्यक घेराबंदी, सिविल वर्क्स और पेंटिंग का काम जल्द पूरा करने को कहा गया। तालाबों के पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार फिटकरी, ई-बॉल और ब्लीचिंग पाउडर के इस्तेमाल का निर्देश दिया गया। यदि किसी नाली का गंदा पानी तालाब में गिर रहा है, तो उसे तत्काल बंद कराने को भी कहा गया।अरगोड़ा तालाब की बाउंड्री और सौंदर्यीकरण पर जोरअरगोड़ा तालाब के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने तालाब के चारों ओर बनी बाउंड्री का आकलन कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और आवश्यक घेराबंदी कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा अगले दो दिनों में अतिरिक्त सफाई कर्मियों की मदद से तालाब परिसर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने को कहा गया। हॉर्टिकल्चर शाखा को तालाब के चारों ओर आकर्षक पौधारोपण कराने का भी निर्देश दिया गया।बटन तालाब में प्रकाश और सिविल कार्य होंगे दुरुस्तडोरंडा स्थित बटन तालाब के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आवश्यकतानुसार सिविल वर्क्स और पेंटिंग का काम शीघ्र पूरा कराने तथा जल की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।स्वर्णरेखा नदी घाट की सफाई के लिए लगेंगी दो पोकलेन मशीनेंनामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट की स्थिति का जायजा लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल दो पोकलेन मशीनों के माध्यम से सफाई शुरू कराने का निर्देश दिया। नदी में जमा अतिरिक्त गाद को हटाकर पानी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखने पर जोर दिया गया। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती, घास की कटाई, संपर्क पथों की सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।तिरिल तालाब के संपर्क पथों का होगा समतलीकरणकोकर स्थित तिरिल तालाब में नगर आयुक्त ने जल की गुणवत्ता बनाए रखने और शेष छोटे-मोटे सिविल कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए स्टोन डस्ट का उपयोग कर तालाब के सभी संपर्क पथों का समतलीकरण कराया जाएगा।छठ घाटों पर चलेगा विशेष डॉग रेस्क्यू ऑपरेशनछठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों और उनके संपर्क मार्गों पर विशेष डॉग रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएगा। इसका उद्देश्य स्ट्रीट डॉग्स के कारण व्रतियों और श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित परेशानियों से बचाना और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। छठ महापर्व तक इस अभियान को विशेष रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया है।घाटों पर अवैध बुकिंग और नाम लिखने वालों पर होगी कार्रवाईनगर आयुक्त सुशांत गौरव ने स्पष्ट किया कि किसी भी छठ घाट पर व्यक्ति विशेष द्वारा अपना नाम या मोबाइल नंबर लिखकर अथवा अवैध बुकिंग के जरिए किसी स्थान पर एकाधिकार स्थापित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामले सामने आने पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधियां दिखाई देती हैं, तो नगर निगम के टोल फ्री नंबर 18005701235 पर इसकी सूचना दें।पूजा समितियों से सहयोग की अपीलनगर आयुक्त ने कहा कि छठ महापर्व की तैयारियां केवल नगर निगम का दायित्व नहीं हैं। शहर के सभी घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। उन्होंने छठ पूजा समितियों से स्थानीय स्तर पर स्वच्छता बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में निगम का सहयोग करने की अपील की।उन्होंने यह भी कहा कि निगम का प्रयास केवल छठ महापर्व के दौरान घाटों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष तालाबों की स्वच्छता, सुंदरता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना भी प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट
Deepak Kumar·