रांची : नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने शुक्रवार को रांची शहरी जलापूर्ति योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित एजेंसियों और जुडको को निर्देश देते हुए कहा कि रांची शहरी जलापूर्ति योजना का काम जल्द से जल्द पूरा करें। उन्होंने कहा कि रांची में पेयजलापूर्ति योजना से संबंधित 90 प्रतिशत से अधिक कार्य हो चुके हैं। सिर्फ रिंग रोड से पिस्का मोड़ तक 10 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकार (एनएचएआइ) को सड़क कटिंग और पुननिर्माण की लागत राशि 32 करोड़ रुपये शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी। बैठक के दौरान उन्होंने एनसीसी एजेंसी को रुक्का से तिलता चौक के बीच शेष 400 मीटर मुख्यपाइप लाइन बिछाने का काम जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि रुक्का से तिलता चौक तक शेष 400 मीटर पाइपलाइन बिछ जाने और अप्रैल तक 360 एमएलडी के इंटेकवेल समेत जलशोध संयंत्र का निर्माण कार्य पूरा हो जाने पर नयासराय लाइन से 15 हजार आवासों तक पानी पहुंचाना संभव होगा। प्रधान सचिव को बताया गया कि एनएचएआइ से एनओसी मिलने के बाद सड़क कटिंग कर पाइपलाइन बिछाने और सड़क को पुराने स्वरूप में लाने में 6 माह का समय लग जाएगा। इसके बाद पूरे रांची शहर को पेयजलापूर्ति हो पाएगी।
प्रधान सचिव ने कहा कि एजेंसियों की ओर से की जा रही कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रुक्का में जलशोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी ) बनकर तैयार है। बिजली विभाग से संपर्क स्थापित कर जल्द ही बिजली कनेक्शन लेने का काम पूरा होगा। इसके लिए पोल शिफ्टिंग का काम भी शुरू हो जाएगा। अब तक शहर में लगभग 1100 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई गई है। हाउस कनेक्शन भी 55 हजार आवासों को दिया जा चुका है।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट-
