रांची:राजधानी रांची से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस लाइन परिसर में ही जुआ खेलने और खिलाने के आरोप में 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
SSP को लगातार मिल रही थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस लाइन परिसर में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा जुआ खेलने और उसका संचालन करने की शिकायतें लगातार एसएसपी को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। जांच के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने निर्धारित ठिकाने पर अचानक छापेमारी की और जुआ खेल रहे 10 पुलिसकर्मियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
तत्काल प्रभाव से सभी निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सर्जन मेजर आनंद राज खालको ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ अनुशासनात्मक विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
कानून और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों का पुलिस लाइन परिसर में ही जुआ खेलने के मामले में पकड़ा जाना विभाग के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज है। अब विभागीय जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि इस गतिविधि में कौन-कौन शामिल था और जुआ संचालन के पीछे अन्य लोगों की भी भूमिका थी या नहीं। फिलहाल सभी 10 पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

