

रविवार, 20 सितंबर 2026
Live
सीतामढ़ी:शहर के रिहायशी इलाके में ग्राहकों को शराब परोसने वाले जसवाल मीट हाउस में छापेमारी से हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके से मैनेजर समेत 6 लोगों को शराब छलकाते हुए गिरफ्तार किया.बिहार में पूर्ण शराबबंदी का कानून लागू है,लेकिन कानून को ठेंगा दिखाकर शहर के मारवाड़ी मिडिल स्कूल के सामने स्थित जयसवाल मीट हाउस में धड़ल्ले से शराब परोसी जा रही थी.नगर थाना पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। 'जयसवाल मीट हाउस' में जायकेदार मीट के साथ ग्राहकों को खुलेआम शराब परोसी जा रही थी.पुलिस टीम ने मौके पर शराब पीते हुए मैनेजर संजीव कुमार के साथ 5 ग्राहकों को रंगे हाथ पकड़ लिया. पुलिस की इस कार्रवाई से आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.पुलिस ने दुकान के अंदर से शराब बरामद करने के साथ ही दुकान को सील कर दिया है. गिरफ्तार सभी 6 आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
झारखंड और बिहार में आतंक का पर्याय बन चुके प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC का सुप्रीमो बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता मारा गया है! उत्तर प्रदेश ATS की टीम ने वाराणसी में एक मुठभेड़ के दौरान इस खूंखार नक्सली को ढेर कर दिया है। बृजेश गंझू पर झारखंड सरकार और NIA को मिलाकर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था.उत्तर प्रदेश ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों को पुख्ता जानकारी मिली थी कि झारखंड का यह टॉप वांटेड उग्रवादी कमांडर वाराणसी के रास्ते मुगलसराय की ओर जाने वाला है। इस इनपुट के आधार पर ATS की टीम ने तड़के करीब 5 बजे ही संबंधित इलाके की कड़ी घेराबंदी कर ली थी।तकरीबन सुबह 5 बजे जब पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।मुठभेड़ इतनी भीषण थी कि उग्रवादी की ओर से चलाई गई गोलियां सीधे ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण के सीने पर लगीं। गनीमत यह रही कि दोनों अधिकारियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। एहतियात के तौर पर दोनों अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।इसके बाद ATS की जवाबी कार्रवाई में बृजेश गंझू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के लूटू गांव निवासी बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के रूप में हुई है। बृजेश गंझू पर लेवी वसूलने, सुरक्षा बलों पर हमले करने, टेरर फंडिंग और निर्माण कार्यों में लगे ठेकेदारों व कारोबारियों की हत्या और अपहरण के दर्जनों संगीन मामले दर्ज थे। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA भी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।मुठभेड़ के बाद स्थानीय पुलिस और ATS की संयुक्त टीमों ने आसपास के इलाके को सील कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है ताकि उसके अन्य सहयोगियों और शरणदाताओं का पता लगाया जा सके।
कटिहार: बड़ी खबर बिहार के कटिहार से है जहां पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से देसी पिस्टल,मैगजीन में एक जिंदा गोली,9.6 ग्राम स्मैक,पांच मोबाइल फोन,2,311 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं. पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़ा है.मामले में डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया कि मनिहारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि महियारपुर स्थित ईंट भट्ठे के पीछे कुछ अपराधी किसी बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे जिन्हें खदेड़कर पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. तनवीर,मो. मुशरलीम,पवन कुमार चौधरी,विकास कुमार,अंकित कुमार और प्रीतम कुमार के रूप में हुई है. इनके पास से हथियार,मादक पदार्थ,मोबाइल और नकदी बरामद की गई. पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.कटिहार से रितेश कुमार की रिपोर्ट-
भागलपुर: बड़ी खबर भागलपुर से है जहां बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहद्दीनगर निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू तांती हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में मुख्य आरोपी शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. वहीं पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक शूटर समेत एक लाइजनर को गिरफ्तार कर लिया है.गिरफ्तार आरोपियों में कुतुबगंज निवासी सुमन कुमार और मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी शूटर नितीश कुमार शामिल है. पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में अब तक आठ आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.मामले में एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि पप्पू तांती की हत्या के लिए शशि मोदी ने तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी. घटना के दिन शशि मोदी अपने घर पर मौजूद था और वारदात को अंजाम देने वाले लोगों के संपर्क में था. पुलिस का कहना है कि इस कांड में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं. मुख्य आरोपी शशि मोदी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं अन्य आरोपियों को भी रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जारी है. फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.भागलपुर से डबलू कुमार की रिपोर्ट-
सरायकेला: झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक में हुए 33 करोड़ के बहुचर्चित घोटाले से जुड़े मामले में ED की टीम ने दबिश दी है.ठेकेदार संजय डालमिया के घर ED की छापेमारी चल रही. 35 करोड़ लोन से जुड़े मामले की जांच कर रही हैं. यह पूरा मामला वर्ष 2019 का है. ब सरायकेला स्थित कोऑपरेटिव बैंक की शाखा से करोड़ों रुपये के फर्जी ऋण वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई थी.बताया जा रहा हैं की झारखण्ड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक से जुड़े कथित 35 करोड़ रुपये के लोन फर्जीवाड़े की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को सरायकेला में छापेमारी की. रांची से पहुंची ED की टीम ने पटनायक टोला स्थित कारोबारी संजय कुमार डालमिया के आवास पर सुबह दबिश दी. टीम ने घर में दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी अन्य सामग्रियों की जांच शुरू की.मामला बैंक से कथित तौर पर अनियमित तरीके से लोन दिए जाने और उसके भुगतान से जुड़ा है. जांच एजेंसी बैंकिंग लेन-देन,ऋण से संबंधित दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं. आरोप है कि डालमिया ने बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर अनियमित तरीके से लोन लिया और उसका भुगतान नहीं किया. इस मामले में 3 अप्रैल 2026 को ACB की विशेष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपियों को सजा भी सुनाई थी.
मोतिहारी: मोतिहारी के बंजरिया थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. स्कूल से लौटने के दौरान लापता हुए शिक्षक का शव पांच घंटे बाद बरामद हुआ है. परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं. घटना से आक्रोशित परिजनों ने देर रात शव को सदर अस्पताल के गेट पर रखकर सड़क जाम कर दिया है. मृतक की पहचान सिसवा पूर्वी निवासी समसाद आलम के रूप में हुई है. घटना का आरोप बंजरिया के पूर्व प्रमुख चमन पर लगा है.हत्या का आरोप बंजरिया प्रखंड के पूर्व प्रमुख चमन और उसके समर्थकों पर लगा है. घटना बंजरिया थाना क्षेत्र के सिसवा पूर्वी की है.मृतक के पिता मो.रफीस ने बताया कि उनका बेटा समसाद आलम पेशे से शिक्षक था. वह सिसवा उर्दू स्कूल से पढ़ाकर घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में पूर्व प्रमुख चमन ने अपने समर्थकों के साथ उसे उठा लिया और मारपीट कर हत्या कर फेंक दिया.परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लेकर आए और जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने के बाद मौके पर सदर डीएसपी और एसडीओ पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझा कर मामले को शांत कराया.वहीं,इस मामले को लेकर सदर डीएसपी दिलीप कुमार और एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि मृतक पेशे से शिक्षक थे और स्कूल से लौटते समय वे गायब हो गए. कुछ घण्टे के बाद उनका शव बरामद हुआ है.
मधेपुरा: बड़ी खबर बिहार केमधेपुरा से है जहां के पुरैनी थाना क्षेत्र के नया टोला चौक पर नरदह पंचायत की मुखिया रीता देवी के देवर कुख्यात विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की हत्या मामले का पुलिस ने48घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये आरोपियों के पास से देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया गया है.बताया जा रहा है कि14सितंबर को करीब35वर्षीय विक्की मेहता की अपराधियों ने साजिश के तहत गोली मारकर हत्या कर दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ उदाकिशुनगंज के नेतृत्व में12सदस्यीयSIT गठित की गई थी. टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर16सितंबर को ललन कुमार उर्फ सेठू, नीतिश कुमार, श्रीधर मंडल और पूर्णिया जिले के अखिलेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया.मामले का खुलासा करते हुए मधेपुरा एसपी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश, आपसी वर्चस्व और मृतक के बढ़ते प्रभाव को हत्या की वजह बताया गया है. एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार अखिलेश का पूर्णिया जिले में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज होने की बात भी पुलिस ने बताई है. मृतक का भी आपराधिक इतिहास रहा है.मधेपुरा से राजीव रंजन की रिपोर्ट-
पटना: गाजियाबाद में न्यायिक अधिकारियों को नजदीकी का झांसा देकर 1.34 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह की जांच अब पटना तक पहुंच गई है। गाजियाबाद साइबर थाने की पुलिस ने मामले में गिरोह के एक सदस्य को बनारस से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान पटना की एक युवती की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है।पुलिस अब पटना की रहने वाली खुशबू नाम की युवती की तलाश कर रही है। जांच के अनुसार, खुशबू पर गिरोह के सदस्यों की मदद करने का संदेह है। गाजियाबाद साइबर पुलिस ने उसके संबंध में जानकारी जुटाने के लिए पटना पुलिस से संपर्क किया है। स्थानीय पुलिस की सहायता से युवती के पते और पहचान का सत्यापन कराया जा रहा है।इसके अलावा पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है। बैंक खातों से जुड़े लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठगी की रकम किन खातों में पहुंची और गिरोह के सदस्यों के बीच उसका लेनदेन किस तरह हुआ।पुलिस के मुताबिक,आरोपितों ने फेसबुक के माध्यम से पीड़ित से संपर्क किया था। उन्होंने खुद को पुजारी बताते हुए सरकारी कार्यालयों में अच्छी पकड़ होने का दावा किया। इसके बाद पीड़ित को उसके बेटे को जेल भेजे जाने का डर दिखाकर विश्वास में लिया गया और कथित तौर पर बड़ी रकम ऐंठ ली गई।फिलहाल पटना की युवती की भूमिका जांच के दायरे में है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही उसकी वास्तविक भूमिका और मामले में उसकी संलिप्तता स्पष्ट हो सकेगी।बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
भोजपुर: जिले के बबुरा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को 7.50 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान अनुराग सिंह उर्फ जयदीप सिंह (25 वर्ष), पिता कामेश्वर सिंह, निवासी महोली, थाना यूपीएसआईएल, जिला भोजपुर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार युवक असम राइफल्स में कार्यरत है.बताया जाता है कि युवक छपरा स्टेशन से उतरने के बाद ऑटो रिजर्व कर अपने घर की ओर जा रहा था. इसी दौरान बबुरा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के क्रम में पुलिस को देखकर वह ऑटो से उतरकर भागने लगा. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।तलाशी के दौरान जवान तस्कर के बैग बैग से XXX रम 750 एमएल की छह बोतल और बूट्ज डार्क जमैका रम 750 एमएल की चार बोतल बरामद की गई. पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 7.50 लीटर है.बबुरा थानाध्यक्ष ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है.गिरफ्तार युवक के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
हजारीबाग: हजारीबागरेंज के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने सभी एसपी को नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया है. साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है. डीआईजी ने कहा कि आज नशा युवाओं के लिए गंभीर समस्या और अभिशाप बनता जा रहा है. नशे की लत से युवा न केवल अपना भविष्य खराब कर रहे हैं,बल्कि इसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस विभाग लगातार सक्रिय है. नशे के कारोबार पर रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि, केवल पुलिस की कार्रवाई से इस समस्या को पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता.डीआईजी ने कहा कि इस अभियान में आम लोगों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है. अभिभावकों को अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देना चाहिए और उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में समझाना चाहिए. बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए घर, स्कूल और समाज में लगातार जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है.उन्होंने झारखंड के लोगों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करें.यदि कहीं नशे की बिक्री या अवैध कारोबार की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें. सामूहिक प्रयास से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है.
पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए छोटू सिंह हत्याकांड मामले में पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य अभियुक्त साकेत पाठक,अंकित गुप्ता,अमन कुमार और एक नाबालिग शामिल हैं. हुसैनाबाद एसडीपीओ आईपीएस दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और शराब के कारोबार से जुड़े विवाद को हत्या की वजह सामने आई है.पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार आरोपी और मृतक छोटू सिंह पहले एक साथ शराब के कारोबार से जुड़े हुए थे. बाद में कारोबार को लेकर सभी अलग हो गए. अलग होने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और रंजिश बढ़ती गई. सूत्रों के अनुसार,आरोप है कि छोटू सिंह द्वारा बिहार पुलिस को शराब की गाड़ियों के संबंध में बार-बार सूचना दिए जाने से आरोपी पक्ष नाराज था. इसी नाराजगी और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आ रही है.पलामू पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्याकांड में उनकी भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है.आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
रांची: बिरसा चौक से सेटेलाइट चौक तक एचईसी की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कवायद लगातार दूसरे दिन भी जारी है. जिला प्रशासन और रांची नगर निगम की टीम भारी सुरक्षा बल के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही. चईसी की जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए झुग्गी झोपड़ी और घरों को ध्वस्त किा जा रहा. इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय विस्थापित और आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आए. इस दौरान कार्वाई में बाधा डालने पर पुलिस बल ने हंगामा कर रहे लोगों पर लाठियां भांजी.प्रशासन की ओर से लगातार माइकिंग कर अवैध रूप से बसे लोगों को झुग्गी झोपड़ी और घर खाली करने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को कानून के साथ खिलवाड़ नहीं करने की चेतावनी दी गई थी. सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस बल और मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं. हालांकि स्थानीय लोग सरकार विरोधी नारों के साध विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. स्थानीय पार्षद नीलम चौधरी अतिक्रमणकारियों का समर्थन कर रही हैं. उन्होंने कहा कि एचईसी की आड़ में राज्य सरकार गरीबों को उजाड़ने का काम कर रही. अतिक्रमण से नाराज लोगों ने बाईपास रोड जाम कर दिया है. जिससे सैकड़ों वाहन जाम में फंसे हुए है.
देवघर:जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर सरासनी गांव में बुधवार को पारिवारिक विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक मां की जान चली गई,जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. आरोप है कि परिवार में विवाद के दौरान बेटे ने गुस्से में आकर अपने ही माता-पिता पर जोरदार हमला कर दिया.घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल है.बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हुआ. इसी दौरान बेटे ने कथित तौर पर माता-पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी. हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं थी, उनकी हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. वहीं,पिता भी हमले में घायल हुए हैं,जिन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया.घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की है. पुलिस अब विवाद के वास्तविक कारण और हमले की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है.
रांची: शहर में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 मार्केट में चोरों ने एक साथ तीन दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया,जबकि दो अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास किया गया. चोरों ने दुकानों से नगद के साथ-साथ कीमती सामान लेकर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.तस्वीरें रांची के धुर्वा सेक्टर- मार्केट की हैं,जहां रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने दुकानों को निशाना बनाया.चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर अंदर रखे नगद और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. वहीं,दो अन्य दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया गया. चोरों ने दुकानों में रखी नगद के साथ सामान तक नहीं छोड़ी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और दुकानदारों में भी नाराजगी है. वारदात की जानकारी मिलने के बाद धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की पहचान में जुटी गई है.
जमशेदपुर:पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर हृदय नगर में शातिर चोरों नेअधिवक्ता के घर को निशाना बनाया. चोरों ने 17 लाख के जेवरात व नगद पर हाथ साफ कर दिया.देर रात अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता जावेद जमाल के घर में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया. चोर घर के बाहर का ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और गोदरेज का ताला तोड़कर करीब 16 लाख के जेवरात और 95 हजार नगद लेकर फरार हो गए. चोरी की पूरी घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.अधिवक्ता जावेद जमाल ने बताया कि रात करीब दो से तीन बजे के बीच चोरों ने घर में प्रवेश किया. रात करीब 3:10 बजे उनकी नींद खुली तो आंखों में तेज जलन महसूस हुई. हॉल का दरवाजा खुला देखकर उन्हें संदेह हुआ. बाहर का मुख्य गेट भी खुला था. जांच करने पर पिता के कमरे में रखा गोदरेज टूटा हुआ मिला और उसमें रखे करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और 95 हजार नगद गायब था. घटना की सूचना मिलते ही कोवाली पुलिस अधिवक्ता के घर पहुंची और जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज में पांच की संख्या में संदिग्ध चोर घर के आस-पास दिखाई दे रहे हैं. इधर,पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.जावेद जमाल ने बताया कि करीब ढाई वर्ष पहले भी उनके घर में चोरी की घटना हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.
चतरा: भ्रष्टाचार के खिलाफ हजारीबाग एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने मंगलवार को चतरा में बड़ी कार्रवाई की है. हजारीबाग एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाया.चतरा सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में छापेमारी कर एसीबी ने राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को कथित रूप से 30 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार, किसी राजस्व संबंधी काम के निष्पादन के एवज में कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी, जिसकी शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का सत्यापन कर यह कार्रवाई की.गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी के कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों को गहनता से खंगाल रही है. प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में अचानक हुई इस कार्रवाई से हड़कंप का माहौल है और अन्य कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई. एसीबी के अधिकारी फाइलों और कागजातों की बारीकी से जांच कर रहे हैं.
रांची:जिलेके सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बूटी मोड़ स्थित टंगराटोली में चोरों ने देवघर में पोस्टेड एक दरोगा के आवास को अपना निशाना बनाया. अपराधियों ने घर में अकेली मौजूद पुलिसकर्मी की पुत्री को बंधक बनाकर लगभग 30 लाख रुपये नगद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया.बाजार गई थी मां,घर में अकेली थी बेटीजानकारी के अनुसार, घटना के समय दरोगा की पत्नी किसी काम से बाजार गई हुई थीं और उनकी बेटी घर में अकेली थी. इसी का फायदा उठाकर शातिर चोर ने घर में प्रवेश किया. चोरों ने युवती को डरा-धमकाकर एक कमरे में बंधक बना लिया, ताकि वह शोर न मचा सके. इसके बाद अपराधियों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 30 लाख रुपये नगद और कीमती गहने समेटे और मौके से फरार हो गए.जमीन खरीदने के लिए जमा किए गए थे पैसेघटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से सदर थाने में लिखित आवेदन दिया गया है. दर्ज शिकायत के अनुसार, अलमारी में रखे 30 लाख रुपये दरोगा और उनके भाइयों द्वारा संयुक्त रूप से जमीन खरीदने के उद्देश्य से इकट्ठा किए गए थे. परिवार के सदस्य जमीन की डील पूरी करने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही अपराधियों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया.
रांची: शहर के रातू थाना क्षेत्र में एक महिला को वीडियो कॉल पर अश्लील हरकत करने, नग्न शरीर दिखाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अभद्र बातें करने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता स्वास्थ्य मंत्री के पूर्व आवास में तैनात सुरक्षा गार्ड की पत्नी है. आपसी रंजिश के चलते साजिश के तहत अज्ञात नंबरों से वीडियो कॉल कर महिला को परेशान किया जा रहा था. पीड़िता की लिखित शिकायत पर रातू थाना पुलिस ने नामजद महिला सहित तीन मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पारिवारिक नाराजगी के बाद शुरू हुआ कॉल्स का सिलसिलाप्राथमिकी के अनुसार, रातू थाना क्षेत्र के सुंडिल बसाईर टोली (कमड़े) निवासी पीड़िता के पति पुलिस विभाग में हैं और वर्तमान में रांची स्थित स्वास्थ्य मंत्री के पुराने आवास में गार्ड के पद पर प्रतिनियुक्त हैं. पीड़िता का एक महिला के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद और नाराजगी चल रही थी. विवाद सुलझाने के लिए पीड़िता आरोपी के गांव गई थी और उसकी सास से मिलकर आरोपी महिला को समझाने-बुझाने की बात कही थी. आरोप है कि इसके तीन-चार दिन बाद से ही पीड़िता के मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर (90381—0) से कॉल्स आने लगे,जिस पर बात करने वाला शख्स बेहद भद्दी और अश्लील बातें कर उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगा.कॉल पर नग्न वीडियो दिखाया,साजिश का आरोपपीड़िता ने बताया कि 7 सितंबर को आरोपी के साथ उसकी फिर से कहासुनी हुई थी. इसके ठीक अगले दिन यानी 8 सितंबर को उसके मोबाइल पर एक अन्य अज्ञात नंबर (8877—-64) से सीधे वीडियो कॉल आया. कॉल रिसीव करते ही स्क्रीन पर सामने वाला व्यक्ति अपना नग्न शरीर और अश्लील हरकतें दिखाने लगा. लगातार हो रही इस हरकत से पीड़िता सहम गई. पीड़िता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी महिला ही इन अज्ञात नंबरों के जरिए उसे बदनाम और प्रताड़ित करवा रही है.
समस्तीपुर: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड-39 में सूखा नशा के सेवन करने के लिए पैसे नहीं मिलने पर युवक ने अपने ही पिता की कुदाल से मारकर हत्या कर दी. पिता को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उनका बेटा मोहम्मद अरमान सूखा नशे का आदी है. सुबह उसने पिता से नशे के लिए पैसे मांगे थे,लेकिन पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसके बाद देर रात करीब 12 बजे अरमान नशे की हालत में घर पहुंचा और पिता से गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा.विवाद के दौरान आरोपी ने घर में रखी कुदाल उठा ली और पिता पर हमला कर दिया. कुदाल के वार से मोहम्मद इस्लाम गंभीर रूप से जख्मी हो गए. उन्हें इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पिता को बचाने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया. मृतक के तीन बेटे हैं. एक बेटा प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है,जबकि दो बेटे घर पर ही रहते हैं. घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे. शोर सुनकर मृतक का छोटा बेटा नीचे आया और पिता को गंभीर हालत में पाया.मृतक के छोटे बेटे ने बताया कि उसका भाई सूखे नशे का आदी है. सुबह उसने पिता से पैसे मांगे थे, लेकिन पिता ने पैसे देने से मना कर दिया था। रात करीब 12 बजे वह घर आया और माता-पिता से झगड़ने लगा. इस दौरान उसने कुदाल से पिता पर हमला कर दिया. मां बचाने गईं तो उन्हें भी मारकर जख्मी कर दिया.परिजनों का कहना है कि लगातार सूखे नशे के सेवन के कारण अरमान की मानसिक स्थिति प्रभावित हो गई थी. घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.