मोतिहारी: मोतिहारी के बंजरिया थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. स्कूल से लौटने के दौरान लापता हुए शिक्षक का शव पांच घंटे बाद बरामद हुआ है. परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं. घटना से आक्रोशित परिजनों ने देर रात शव को सदर अस्पताल के गेट पर रखकर सड़क जाम कर दिया है. मृतक की पहचान सिसवा पूर्वी निवासी समसाद आलम के रूप में हुई है. घटना का आरोप बंजरिया के पूर्व प्रमुख चमन पर लगा है.

हत्या का आरोप बंजरिया प्रखंड के पूर्व प्रमुख चमन और उसके समर्थकों पर लगा है. घटना बंजरिया थाना क्षेत्र के सिसवा पूर्वी की है.मृतक के पिता मो.रफीस ने बताया कि उनका बेटा समसाद आलम पेशे से शिक्षक था. वह सिसवा उर्दू स्कूल से पढ़ाकर घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में पूर्व प्रमुख चमन ने अपने समर्थकों के साथ उसे उठा लिया और मारपीट कर हत्या कर फेंक दिया.परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लेकर आए और जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने के बाद मौके पर सदर डीएसपी और एसडीओ पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझा कर मामले को शांत कराया.

वहीं,इस मामले को लेकर सदर डीएसपी दिलीप कुमार और एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि मृतक पेशे से शिक्षक थे और स्कूल से लौटते समय वे गायब हो गए. कुछ घण्टे के बाद उनका शव बरामद हुआ है.