गोपालगंज:सांसद सह जद(यू.) के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ.आलोक कुमार सुमन ने अपने आवास पर जनता दरबार का आयोजन किया. जनता दरबार में जिले के अलग-अलग प्रखंडों और पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे.
इस दौरान लोगों ने सांसद के समक्ष सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेंशन और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने समेत कई जनहित से जुड़े मामलों को रखा. सांसद ने एक-एक कर लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर कई मामलों के जल्द समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर सांसद से पहल करने की मांग की. सांसद डॉ.आलोक कुमार सुमन ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करना उनकी प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और जनहित से जुड़े मुद्दों को संबंधित स्तर पर उठाना उनकी जिम्मेदारी है. क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा.
जनता दरबार के दौरान लोगों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और अधिकारियों से बातचीत कर समाधान की पहल करने के लिए सांसद के प्रति आभार जताया.

