पटना: गाजियाबाद में न्यायिक अधिकारियों को नजदीकी का झांसा देकर 1.34 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह की जांच अब पटना तक पहुंच गई है। गाजियाबाद साइबर थाने की पुलिस ने मामले में गिरोह के एक सदस्य को बनारस से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान पटना की एक युवती की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है।

पुलिस अब पटना की रहने वाली खुशबू नाम की युवती की तलाश कर रही है। जांच के अनुसार, खुशबू पर गिरोह के सदस्यों की मदद करने का संदेह है। गाजियाबाद साइबर पुलिस ने उसके संबंध में जानकारी जुटाने के लिए पटना पुलिस से संपर्क किया है। स्थानीय पुलिस की सहायता से युवती के पते और पहचान का सत्यापन कराया जा रहा है।

इसके अलावा पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है। बैंक खातों से जुड़े लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठगी की रकम किन खातों में पहुंची और गिरोह के सदस्यों के बीच उसका लेनदेन किस तरह हुआ।

पुलिस के मुताबिक,आरोपितों ने फेसबुक के माध्यम से पीड़ित से संपर्क किया था। उन्होंने खुद को पुजारी बताते हुए सरकारी कार्यालयों में अच्छी पकड़ होने का दावा किया। इसके बाद पीड़ित को उसके बेटे को जेल भेजे जाने का डर दिखाकर विश्वास में लिया गया और कथित तौर पर बड़ी रकम ऐंठ ली गई।

फिलहाल पटना की युवती की भूमिका जांच के दायरे में है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही उसकी वास्तविक भूमिका और मामले में उसकी संलिप्तता स्पष्ट हो सकेगी।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट