रांची में रेलवे कर्मचारी की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा डिबडीह पुल के समीप लोहरदगा रेलवे लाइन पर हुआ। मृतक की पहचान 59 वर्षीय राम अवधेश लाल के रूप में हुई है। राम अवधेश लाल रेलवे में की-मैन के पद पर तैनात थे बताया जा रहा है कि राम अवधेश लाल ड्यूटी के दौरान डिबडीह पुल के समीप लोहरदगा लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों के साथ डोरंडा थाना और जीआरपी रांची की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस और जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है। रेलवे कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों में मातम का माहौल है।
