जमशेदपुर:पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर हृदय नगर में शातिर चोरों नेअधिवक्ता के घर को निशाना बनाया. चोरों ने 17 लाख के जेवरात व नगद पर हाथ साफ कर दिया.देर रात अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता जावेद जमाल के घर में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया. चोर घर के बाहर का ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और गोदरेज का ताला तोड़कर करीब 16 लाख के जेवरात और 95 हजार नगद लेकर फरार हो गए. चोरी की पूरी घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
अधिवक्ता जावेद जमाल ने बताया कि रात करीब दो से तीन बजे के बीच चोरों ने घर में प्रवेश किया. रात करीब 3:10 बजे उनकी नींद खुली तो आंखों में तेज जलन महसूस हुई. हॉल का दरवाजा खुला देखकर उन्हें संदेह हुआ. बाहर का मुख्य गेट भी खुला था. जांच करने पर पिता के कमरे में रखा गोदरेज टूटा हुआ मिला और उसमें रखे करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और 95 हजार नगद गायब था. घटना की सूचना मिलते ही कोवाली पुलिस अधिवक्ता के घर पहुंची और जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज में पांच की संख्या में संदिग्ध चोर घर के आस-पास दिखाई दे रहे हैं. इधर,पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
जावेद जमाल ने बताया कि करीब ढाई वर्ष पहले भी उनके घर में चोरी की घटना हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.

