पटना:बिहार में रबी फसलों की खेती का दायरा बढ़ाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने अभियान शुरू किया है.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को रबी महाअभियान जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.यह रथ राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर किसानों को रबी फसलों की खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करेगा.इस वर्ष राज्य में48लाख हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

गेहूं की खेती के लिए24लाख हेक्टेयर का लक्ष्य

पिछले वर्ष बिहार में लगभग42लाख हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की खेती हुई थी.इस बार सरकार ने लक्ष्य बढ़ाकर48लाख हेक्टेयर कर दिया है.निर्धारित लक्ष्य के अनुसार, 24लाख हेक्टेयर में गेहूं, छह लाख हेक्टेयर में रबी मक्का और पांच लाख हेक्टेयर में दलहन की खेती की जाएगी.वहीं, चार लाख हेक्टेयर में तिलहन और नौ लाख हेक्टेयर में आलू, सब्जी, मसाला तथा अन्य फसलें उगाने की योजना है.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए निर्धारित लक्ष्यों को जमीन पर उतारा जाए.इसके लिए जिलों, प्रखंडों और पंचायतों में नियमित समीक्षा की जाएगी तथा खेती से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा.

दलहन, तिलहन और प्राकृतिक खेती पर जोर

सरकार मसूर, चना और सरसों जैसी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ प्राकृतिक खेती को भी प्रोत्साहित करेगी.कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों की आधुनिक तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना जरूरी है.

उन्होंने कहा कि कृषि यंत्र, बीज उत्पादन, मशरूम, नर्सरी, ड्रोन तकनीक, प्रसंस्करण और विपणन जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर हैं.महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-