वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों के जहर खाने का मामला सामने आया है। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही गोरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुश्तैनी जमीन बेचने को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों ने बताया कि श्यामनंदन सिंह की मौत के बाद उनके इकलौते बेटे राहुल लगातार पुश्तैनी जमीन बेच रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य इसका विरोध कर रहे थे। इसी बीच शनिवार को राहुल ने कथित तौर पर अपनी एक और जमीन बेच दी। जब राहुल की पत्नी सीमा देवी को जमीन बेचने की जानकारी मिली तो उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय से जमीन की रजिस्ट्री की नकल निकलवाई। इसके बाद उन्होंने राहुल से जमीन बेचने को लेकर पूछताछ की और इसका विरोध किया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

मारपीट के बाद घर से चला गया राहुल
आरोप है कि जमीन बेचने के विवाद को लेकर राहुल ने अपनी मां और पत्नी के साथ मारपीट की और इसके बाद घर से चला गया। इसी घटनाक्रम के बाद परिवार के चार सदस्यों के जहर खाने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि राहुल की मां और पत्नी ने खुद भी जहर खाया और बच्चों को भी जहरीला पदार्थ दे दिया। हालांकि, घटना के पूरे कारणों और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

तीन की मौत, बच्ची की हालत गंभीर
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, निर्मला देवी, सीमा देवी और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, 15 वर्षीय ऋषिका की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

पुलिस और एफएसएल की टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद गोरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस जमीन विवाद, परिवार के सदस्यों के बीच हुए विवाद और जहर खाने की परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना में इस्तेमाल किए गए पदार्थ और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद प्रेमराज गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्रामीणों में शोक का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वैशाली से रिशभ कुमार की रिपोर्ट