बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। दूध लोड पिकअप वाहन ने एक ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में55 वर्षीय गणेश झा और महज8 साल की मासूम आयुषी कुमारी शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
यह दर्दनाक घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र के मालती गांव के समीप की है। बताया जाता है कि पिपरा देवस गांव के करीब एक दर्जन लोग ऑटो पर सवार होकर शोकहारा गांव में आयोजित भोज में शामिल होने गए थे। भोज में शामिल होने के बाद सभी लोग देर रात अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गुरुवार की देर रात मालती गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूध लोड पिकअप वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में55 वर्षीय गणेश झा और चंदन चौधरी की8 वर्षीय पुत्री आयुषी कुमारी की मौत हो गई। वहीं, ऑटो में सवार करीब आधा दर्जन अन्य लोग घायल हो गए।
भोज से लौटने के दौरान हुआ हादसा
ऑटो में सवार रौशन कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शोकहारा गांव निवासी अरविंद राय के परिवार में एक सदस्य की मौत के बाद भोज का आयोजन किया गया था। इसी भोज में शामिल होने के लिए पिपरा देवस गांव से करीब एक दर्जन लोग ऑटो पर सवार होकर गए थे।
भोज खाने के बाद सभी लोग देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूध लोड पिकअप वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गणेश झा और मासूम आयुषी कुमारी की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। लोगों की मदद से सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पिकअप चालक वाहन लेकर फरार,पुलिस ने ऑटो किया जब्त
घटना के बाद दूध लोड पिकअप वाहन का चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार पिकअप वाहन की तलाश में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। एक भोज में शामिल होकर खुशी-खुशी घर लौट रहे परिवारों के लिए यह सफर जिंदगी भर का दर्द बन गया।
BIHAR NEWS
बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: दूध लोड पिकअप ने ऑटो में मारी जोरदार टक्कर, मासूम समेत दो की मौत

