मुंगेर: बिहार के मुंगेर में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर गंगा घाट पर नहाने पहुंचे दो युवक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है।

डूबने वाले युवकों की पहचान रमन कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक शंकरपुर गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान गंगा में नहाते समय दोनों गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। युवकों को नदी में डूबता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।

पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस और एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी में डूबे दोनों युवकों की तलाश के लिए बचाव दल ने काफी मशक्कत की। इस दौरान रेस्क्यू टीम ने प्रिंस कुमार को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

हालांकि, दूसरे युवक रमन कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। एनडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी में युवक की तलाश के लिए बचाव दल की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हादसे के बाद गंगा घाट पर जुटी लोगों की भीड़
गंगा घाट पर दो युवकों के डूबने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। वहीं, प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और सभी की निगाहें लापता युवक रमन कुमार की तलाश पर टिकी हुई हैं। इस घटना ने एक बार फिर गंगा घाटों पर स्नान के दौरान गहरे पानी और तेज बहाव से होने वाले खतरों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट