खूंटी: झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की151वीं जयंती के अवसर पर उनके पैतृक गांव उलिहातू में राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और विधिवत पूजा-अर्चना की।
राज्यपाल ने सबसे पहले उलिहातू स्थित बिरसा ओड़ा पहुंचकर धरती आबा को नमन किया। इसके बाद उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात की और बिरसा कॉम्प्लेक्स में स्थापित उनकी प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए। तत्पश्चात दीप प्रज्वलित कर राजकीय बिरसा महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।

भगवान बिरसा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा-राज्यपाल
अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि15 नवंबर का दिन झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव और ऐतिहासिक महत्व रखता है। आज पूरे देश में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है। उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
राज्यपाल ने झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड वीरों और बलिदानियों की धरती है। भगवान बिरसा मुंडा के अलावा सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, फूलो-झानो, चांद-भैरव और वीर बुधु भगत जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।

जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा ने किया उलगुलान
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि15 नवंबर का दिन झारखंड स्थापना दिवस के साथ-साथ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की151वीं जयंती के कारण भी ऐतिहासिक महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के साथ जनजातीय अस्मिता, परंपरा, संस्कृति और विरासत की रक्षा के लिए अंग्रेजी साम्राज्यवाद के खिलाफ ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया था।
मंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने बहुत कम उम्र में देश और समाज के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका संघर्ष झारखंड की पहचान और जनजातीय समाज के स्वाभिमान का प्रतीक है।
उलिहातू की धरती से दिया गया जनजातीय गौरव और विरासत का संदेश
भगवान बिरसा मुंडा के पैतृक गांव उलिहातू में आयोजित इस महोत्सव ने झारखंड की ऐतिहासिक विरासत, जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज के योगदान को याद करने का अवसर प्रदान किया।
राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 के माध्यम से धरती आबा के विचारों, संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा का संदेश दिया गया।

