रांची: झारखंड स्थापना दिवस और हेमंत सोरेन सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार ने बड़े आयोजन की तैयारी की है। 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस समारोह में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की संभावना है। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रांची के नगड़ी में प्रस्तावित RIMS-2 का शिलान्यास होगा।
सरकार की तैयारियों के अनुसार, इस आयोजन में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और ऑनलाइन उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र देने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करने की भी तैयारी है।
नगड़ी में4,189करोड़ की लागत से बनेगा RIMS-2
रांची के नगड़ी में बनने वाला RIMS-2 राज्य की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं में शामिल है। इसके निर्माण पर लगभग 4,189.41 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित संस्थान में 2,800 से अधिक बेड और प्रतिवर्ष 200 एमबीबीएस सीटों की क्षमता होगी। इस संस्थान के निर्माण से झारखंड में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, सुपर स्पेशियलिटी उपचार और मेडिकल शिक्षा के विस्तार की उम्मीद है।
जामताड़ा में नए मेडिकल कॉलेज का भी होगा शिलान्यास
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जामताड़ा में नए मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखने की भी तैयारी है। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग जिलों में सड़क निर्माण से जुड़ी कई परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
युवाओं को मिल सकते हैं नियुक्ति पत्र,लाभार्थियों को मिलेंगी परिसंपत्तियां
28 नवंबर के समारोह पर राज्य के बेरोजगार युवाओं की भी नजरें टिकी हैं। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने की संभावना है। हालांकि, नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या और विभागों की विस्तृत जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा।
26से 28 नवंबर तक खेलगांव में लगेगा मेला
मुख्य समारोह से पहले 26 से 28 नवंबर तक रांची के खेलगांव में भव्य मेला और प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें राज्य सरकार के सभी विभाग अपने-अपने कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे।
18 नवंबर की कैबिनेट बैठक पर भी टिकी नजरें
इस बड़े आयोजन से पहले 18 नवंबर को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कुछ नई योजनाओं को मंजूरी मिल सकती है। कैबिनेट से स्वीकृति मिलने वाली योजनाओं में से कुछ को 28 नवंबर के मुख्य समारोह में लॉन्च किए जाने की संभावना है।
विकास,रोजगार और स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस
कुल मिलाकर 28 नवंबर का आयोजन झारखंड के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। RIMS-2 और जामताड़ा मेडिकल कॉलेज जैसी स्वास्थ्य परियोजनाओं के साथ सड़क निर्माण, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट

