पटना: स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने जहानाबाद सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जहानाबाद जिलाधिकारी छिरिड बाई भूटिया समेत स्वास्थ्य विभाग के कई वरीय अधिकारी और अस्पताल के पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे.

स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में घूम-घूमकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल जाना और इलाज की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली. इस दौरान मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों,चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी फीडबैक लिया. निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी जायजा लिया गया.

सचिव ने निर्माण कार्य और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली. कुमार रवि ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें सामने आई है,जिनकी समीक्षा की जाएगी. उन्होंने विशेष रूप से ड्यूटी से डॉक्टरों के गायब रहने और मरीजों को पटना रेफर किए जाने से जुड़े मामलों की भी जानकारी ली. स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने की जरूरत बताई. उन्होंने जिलाधिकारी को भी निर्देश दिया कि सदर अस्पताल का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाए,ताकि मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति सामने आती रहे और लापरवाही की स्थिति में कार्रवाई की जा सके.

जहानाबाद से चन्दन मिश्रा की रिपोर्ट-