पटना : नीतीश सेतु के उद्घाटन के साथ बिहार की राजनीति में श्रेय को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निर्माण का पूरा श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया है. उन्होंने कहा कि पुल की परिकल्पना, कार्ययोजना और कॉन्ट्रैक्ट की प्रक्रिया 2015 के विधानसभा चुनाव से पहले पूरी हो चुकी थी.

प्रशांत किशोर के अनुसार, उस समय न भाजपा की सरकार थी और न राजद की. यह परियोजना पूरी तरह नीतीश कुमार की सोच और प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर सेतु बनने पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसके लिए उन्हें धन्यवाद दिया जाना चाहिए. पीके ने स्पष्ट कहा कि पुल का 100 प्रतिशत श्रेय नीतीश कुमार को जाता है.

हालांकि, प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री बिहार आते हैं, लेकिन राज्य के विकास को लेकर उन्हें नियमित रूप से प्राथमिकता मिलनी चाहिए. उन्होंने बिहार के पिछड़ेपन, प्रति व्यक्ति आय, जीडीपी में योगदान और शिक्षा की स्थिति पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगा.

प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री के सामने तीन सवाल रखे. उन्होंने पूछा कि बिहार दूसरे राज्यों की तुलना में पिछड़ा क्यों है और उसकी स्थिति कब सुधरेगी? बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन कब नहीं करना पड़ेगा? वहीं, डबल इंजन की सरकार के बावजूद बिहार बाढ़ की समस्या से कब मुक्त होगा?

उन्होंने नीतीश कुमार की तस्वीर सरकारी कार्यक्रमों के पोस्टरों से गायब रहने पर भी सवाल उठाया और आरोप लगाया कि भाजपा जदयू को अपने नियंत्रण में ले रही है. विधानसभा और विधान परिषद भर्ती विवाद पर भी उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए तथा आगामी सत्र में मुद्दे उठाने की बात कही.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-