बेरमो में कोयले के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ CISF ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है। 'जीरो कोल लीकेज' अभियान के तहत CISF ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बैदकारो माइंस क्षेत्र से 38.820 टन अवैध कोयला बरामद किया, जबकि ढोरी खास के निकट कोयला लदी एक पिकअप वैन जब्त की है।कमांडेंट राजप्रताप सिंह एवं उप कमांडेंट गारा अभिलाष एवं सहायक कमांडेंट धनंजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में CISF की रेड टीम, आसूचनाकर्मियों और CCL सुरक्षाकर्मियों ने B&K एरिया अंतर्गत DCCPCL बैदकारो माइंस क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित 38.820 टन कोयला बरामद कर CCL प्रबंधन को सुपुर्द किया गया।वहीं, खेतको बस्ती से अवैध कोयला परिवहन की सूचना पर CISF ने चरकपनिया, खेतको, चलकारी, ढोरी खास और कल्याणी समेत संवेदनशील इलाकों में एरिया डोमिनेशन एवं एम्बुश अभियान चलाया।
इसी दौरान तड़के करीब 3:50 बजे ढोरी खास के पास खेतको की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप (JH 01CL 3168) को रोकने का प्रयास किया गया। जवानों को देखते ही चालक वाहन सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान पिकअप पर कोयला लदा मिला, जिसके अवैध परिवहन की आशंका है।कार्रवाई के दौरान 20 से 40 स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और विरोध करने लगी। इसके बावजूद CISF के जवानों ने संयम का परिचय देते हुए स्थिति नियंत्रित रखी तथा वाहन और उसमें लदे कोयले को जब्त कर लिया। कोयले की मात्रा एवं कीमत का आकलन किया जा रहा है।मामले में MMDR अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से कोयले के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। CISF ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कोयले की अवैध निकासी और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
