पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे, जहां पटना एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया. दोनों नेताओं के बीच मुलाकात के दौरान गर्मजोशी और आत्मीयता देखने को मिली. एयरपोर्ट पर हुई इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी सामने आई है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब एक बजे वायुसेना के विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचे. यहां पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका अभिवादन किया. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात की और बातचीत की. इस दौरान की तस्वीरों में दोनों नेताओं के बीच सहजता और आत्मीयता नजर आई.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा की. तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई.” प्रधानमंत्री की इस पोस्ट के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात चर्चा में आ गई.
पटना एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से वैशाली जिले के कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए. वहां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बिहार को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन भी शामिल था.
करीब पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल को नीतीश सेतु नाम दिया गया है. इस पुल के उद्घाटन से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को बेहतर बनाने तथा क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के दौरान नीतीश कुमार के साथ मुलाकात और नीतीश सेतु का उद्घाटन दोनों ही कार्यक्रम राजनीतिक और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
