जमुई : बिहार के जमुई टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के पास बाइक लूटने की कोशिश के दौरान गोलीबारी का मामला सामने आया है. जहां दिन दहाड़े बाइक सवार युवक को रोककर लूटपाट करने और गोली चलाने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही टाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.



जानकारी के अनुसार प्रतापपुर गांव के कपिल यादव ने तीन युवकों पर बाइक लूटने का प्रयास करने और गोली चलाने का आरोप लगाया है. बताया जाता है कि बाइक से गुजर रहे कपिल यादव को प्रतापपुर गांव के पास रोकने की कोशिश की गई. इसी दौरान गोलीबारी की घटना हुई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.


ग्रामीणों ने तीन युवकों की बताई पहचान


ग्रामीण गनौरी यादव के अनुसार, पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान काकन निवासी सचिन महतो, काकन बेल्दरिया निवासी प्रेम कुमार, और ढंड निवासी गौरव राम के रूप में हुई है. ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ महीने पहले कपिल यादव के भाई बंटी यादव के साथ भी छिनतई का प्रयास किया गया था. उस मामले में सचिन महतो और प्रेम कुमार के जेल जाने की बात भी ग्रामीणों ने बताई है.


जेल से छूटने के बाद दोबारा घटना का आरोप


ग्रामीणों का दावा है कि पूर्व की घटना में जेल जाने के बाद बाहर आए युवकों ने फिर से इस तरह की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

इधर पुलिस हिरासत में लिए गए प्रेम कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया. टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. मामले की जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट-