साहेबगंज/पटना:सुप्रीम कोर्ट से अपनी दोषसिद्धि पर रोक के रूप में राहत मिलने के बाद भाजपा विधायक डॉ. राजू कुमार सिंह ने क्षेत्र की जनता, समर्थकों और शुभचिंतकों के नाम एक भावुक संदेश जारी किया है। उन्होंने कठिन समय में साथ देने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

विधायक ने अपने संदेश में कहा कि पिछले कुछ महीनों से न्यायिक प्रक्रिया में व्यस्त रहने के कारण वह पहले की तरह नियमित रूप से जनता के बीच उपस्थित नहीं हो पा रहे थे। हालांकि, जब भी समय मिला और जहां उनकी उपस्थिति आवश्यक रही, वहां पहुंचकर उन्होंने लोगों के सुख-दुःख में सहभागी बनने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि इस कठिन दौर में क्षेत्र की जनता ने जिस धैर्य, विश्वास और आत्मीयता के साथ उनका साथ दिया, वह उनके लिए किसी संबल और आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों का आभार जताया, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी उनका हौसला बनाए रखा।

डॉ. राजू कुमार सिंह ने कहा कि छठी मईया की कृपा और जनता के आशीर्वाद से सर्वोच्च न्यायालय से मिली राहत उनके लिए भावुकता और नई उम्मीद का क्षण है।उन्होंने साहेबगंज की जनता के साथ अपने रिश्ते को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक रिश्ता जनता से होता है। यह रिश्ता किसी परिस्थिति या दूरी से कमजोर नहीं पड़ सकता।

विधायक ने भरोसा दिलाया कि अब वह पहले की तरह जनता के बीच सक्रिय रहेंगे और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से काम करेंगे। अंत में उन्होंने कहा कि कठिन समय में साथ खड़े रहने वाले लोगों को वह जीवनभर नहीं भूलेंगे। जनता का सम्मान और सेवा ही उनका सबसे बड़ा संकल्प है।

संजय कुमार की रिपोर्ट