लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इस अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रदेशवासियों से जनगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही जनगणना के आंकड़े ही समाज के हर वर्ग की वास्तविक स्थिति, जरूरतों और समस्याओं को समझने में मदद करेंगे। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार बेहतर विकास योजनाएं तैयार कर सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। ऐसे में यहां होने वाली जनगणना के आंकड़े राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सटीक और अद्यतन आंकड़े होना बेहद जरूरी है।
16 नवंबर से30नवंबर तक होगी स्व-गणना
जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी एकत्र करेंगे।
इससे पहले जनगणना के पहले चरण में मकानों की सूची तैयार करने और मकानों की गणना का कार्य पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से उसकी व्यक्तिगत और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़े करीब 40 सवाल पूछे जाएंगे।
2011के आंकड़ों के बाद अब मिलेगी आबादी की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब तक कई सरकारी योजनाएं वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तैयार की जा रही हैं। ऐसे में नई जनगणना से राज्य की आबादी, सामाजिक परिस्थितियों और लोगों की मौजूदा जरूरतों की ताजा जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि अद्यतन आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं की प्राथमिकताएं तय करने और सरकारी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
देश का हर छठा व्यक्ति उत्तर प्रदेश में रहता है- योगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की जनसंख्या के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश का हर छठा व्यक्ति उत्तर प्रदेश में रहता है। वहीं, दुनिया के स्तर पर हर छठा व्यक्ति भारत में और हर 36वां व्यक्ति उत्तर प्रदेश में रहता है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में होने वाली जनगणना की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
जिलाधिकारी करेंगे अभियान की निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना जैसे व्यापक अभियान की सफलता के लिए प्रशासनिक समन्वय के साथ आम जनता की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। लोगों में जितनी जागरूकता होगी, जनगणना का काम उतना ही प्रभावी और सटीक होगा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अभियान का नेतृत्व करने और प्रतिदिन इसकी प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।
जनगणना के आंकड़ों से तय होगी विकास की नई दिशा
जनगणना-2027 को उत्तर प्रदेश के विकास और भविष्य की योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे आबादी की वास्तविक स्थिति, सामाजिक संरचना और विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों का बेहतर आकलन संभव होगा। सरकार का जोर है कि आम नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
BREAKING NEWS
UP में जनगणना-2027 के दूसरे चरण का आगाज, CM बोले- सही आंकड़ों से ही बनेगी बेहतर विकास योजनाएं

