पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पहल, एलईडी स्क्रीन के जरिए योजनाओं की मिलेगी जानकारी; पात्र लाभुकों की जिज्ञासाओं का भी होगा समाधान
सोनपुर:विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले में इस बार बिहार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की झलक भी देखने को मिलेगी। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र एवं वंचित लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उन्हें विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से विशेष पंडाल लगाया गया है। रविवार, 29 नवंबर 2026 को अपराह्न 3:50 बजे विभागीय मंत्री रमा निषाद ने फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में मेले में आए श्रद्धालुओं, आगंतुकों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। लोगों ने विभाग की इस पहल में रुचि दिखाई और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जाएंगी सरकारी योजनाएं
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर आकर्षक तोरणद्वार बनाए गए हैं। वहीं, विभागीय योजनाओं का दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के लिए पंडाल में कई एलईडी स्क्रीन और टीवी लगाए गए हैं। इनके माध्यम से विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारियां प्रदर्शित की जा रही हैं।
योजनाओं की जानकारी देने के लिए तैनात रहेंगे अधिकारी-कर्मी
पंडाल में विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने, पात्र लाभुकों को आवेदन एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाने और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडाल में बैठने और विश्राम की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उद्देश्य
विभाग का उद्देश्य सोनपुर मेले जैसे बड़े जनसमागम के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। खासकर पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के पात्र लाभुकों को योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विभागीय पंडाल के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी समस्याओं और सवालों का समाधान करने की भी व्यवस्था की गई है।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

