IMA हॉल में जुटे सामाजिक न्याय के पक्षधर, फुले-अंबेडकर की विचारधारा को नई ऊर्जा देने का संकल्प; शिक्षा, महिला अधिकार, सामाजिक न्याय और किसानों के मुद्दों पर चलेगा सालभर अभियान
पटना:महात्मा ज्योतिराव फुले की 200वीं जयंती वर्ष और महाड़ सत्याग्रह एवं मनुस्मृति दहन के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पटना के IMA हॉल में 'जोतिबा फुले के दो सौ साल: चुनौतियां, संकल्प व कार्यभार' विषय पर कन्वेंशन आयोजित किया गया। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से सामाजिक न्याय के पक्षधर बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कन्वेंशन में पूरे देश में अविलंब जाति आधारित जनगणना कराने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा ज्योतिराव फुले को एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर सालभर चलने वाले 'फुले 200' अभियान के लोगो का भी अनावरण किया गया। लोगो में ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरों को शामिल किया गया है।
फुले-अंबेडकर की विरासत को नई ऊर्जा देने का आह्वान
कन्वेंशन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज फुले और अंबेडकर को याद करना केवल इतिहास के प्रेरणादायक अध्यायों को दोहराना नहीं है, बल्कि उनकी क्रांतिकारी विरासत को आगे बढ़ाते हुए स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे की लड़ाई को नई ऊर्जा देना है।
वक्ताओं ने कहा कि ज्योतिराव फुले और बाबा साहेब अंबेडकर ने शिक्षा को तर्कशीलता, सामाजिक बदलाव और समान अवसर का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम माना था। लेकिन आज शिक्षा को गरीबों, वंचितों और आम लोगों से दूर किया जा रहा है। शिक्षा का इस्तेमाल विचारधारा थोपने, सांस्कृतिक एकरूपता स्थापित करने और राजनीतिक नियंत्रण के माध्यम के रूप में किए जाने पर भी चिंता जताई गई।
उन्होंने कहा कि मुक्त और समानतापूर्ण शिक्षण परिसरों की मांग का मजाक उड़ाया जा रहा है। इसे पीड़ित मानसिकता बताकर खारिज करने की कोशिश हो रही है। वक्ताओं के मुताबिक, फुले-अंबेडकर जिस कल्याणकारी राज्य की कल्पना करते थे, उसमें किसानों और मजदूरों के अधिकारों एवं हितों की गारंटी थी। इसके विपरीत आज कल्याणकारी व्यवस्था को कॉरपोरेट मुनाफे के हितों के अनुरूप ढालने की कोशिश हो रही है।
मताधिकार और संवैधानिक मूल्यों पर जताई चिंता
कन्वेंशन में वक्ताओं ने वयस्क मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समानता के संवैधानिक आधार पर मिले मताधिकार से लोगों को वंचित किए जाने की आशंकाएं लोकतंत्र के लिए गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
वक्ताओं ने कहा कि फुले और अंबेडकर की राष्ट्रीय पहचान की अवधारणा स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे पर आधारित थी। इसमें जाति, लिंग और धर्म के आधार पर किसी भी तरह के भेदभाव की जगह नहीं थी। आज इस विचारधारा को मजबूत करने की जरूरत है।
कन्वेंशन में पारित किए गए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव
कन्वेंशन में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें पूरे देश में अविलंब जाति आधारित जनगणना कराने की मांग प्रमुख रही। वक्ताओं ने कहा कि जाति आधारित जनगणना से वंचित तबकों की वास्तविक सामाजिक स्थिति सामने आएगी और उन्हें उनकी आबादी के अनुरूप अधिकार एवं हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का रास्ता मजबूत होगा।
अंतरराष्ट्रीय फिलिस्तीन एकजुटता दिवस के अवसर पर फिलिस्तीन की संघर्षशील जनता के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए भारत सरकार से इजरायल समर्थक नीति को बढ़ावा देने के बजाय फिलिस्तीन के समर्थन की नीति पर मजबूती से अमल करने की मांग भी की गई।
कन्वेंशन में 'फुले 200' अभियान के तहत चार प्रमुख विषयों पर सालभर गतिविधियां संचालित करने का निर्णय लिया गया। इनमें शिक्षा, महिला अधिकार, सामाजिक न्याय तथा कृषि एवं किसान के मुद्दे शामिल हैं।
कई सामाजिक-राजनीतिक नेताओं ने रखे विचार
कार्यक्रम को सांसद सुदामा प्रसाद, सामाजिक न्याय आंदोलन के संयोजक रिंकू यादव, अतिपिछड़ा आंदोलन के नेता विजय चौधरी, पासी समाज के नेता सुरेंद्र चौधरी, ललन भगत, खेग्रामस के राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी, दलित अधिकार आंदोलन के कपिलेश्वर राम, ऐपवा की राज्य अध्यक्ष सोहेला गुप्ता, कुमार परवेज, पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता मनीष रंजन, भाकपा-माले विधायक संदीप सौरभ, वरिष्ठ नेता केडी यादव, शोधार्थी वंदना प्रभा, प्रोफेसर चिंटू कुमारी और सामाजिक न्याय आंदोलन के विश्वा यादव ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक न्याय आंदोलन, बिहार के संयोजक रिंकू यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता केडी यादव ने किया।
पटना से अंकिता की रिपोर्ट

