पटना : बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई शुरू की है. आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 33/26 के तहत दर्ज मामले में EOU की टीम उनके कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है.

जांच के दौरान सामने आए प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर मोहम्मद अफजल आलम पर भ्रष्ट तरीके से ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत केस दर्ज किया गया है. विशेष निगरानी न्यायालय, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई.

EOU की टीम कुल चार ठिकानों पर तलाशी ले रही है. इनमें सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के हरपुरवा गांव स्थित पैतृक मकान, उनका निजी आवास, बाजपट्टी स्थित प्रखंड प्रमुख का सरकारी कार्यालय और मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर स्थित निजी आवास शामिल हैं. इन सभी स्थानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में टीम जांच कर रही है.

प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, मोहम्मद अफजल आलम ने अपनी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से करीब 1 करोड़ 25 लाख 3 हजार 500 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है. यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 259.94 प्रतिशत अधिक बताई गई है.

EOU की छापेमारी फिलहाल जारी है. तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामद संपत्ति, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-